चीनी जासूस कौन है ? कॉरपोरेट वर्ल्ड का बड़ा खुलासा : एनवीडिया के CEO ने पत्नी से बेवफाई की बात मानी, जांच शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

जेन्सेन हुआंग के कथित जासूस के साथ संबंध की खबरों के बीच एनवीडिया बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच 

दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनियों में शामिल एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने कर्मचारियों को पत्र लिखकर अपनी पत्नी से बेवफाई की बात कबूल की है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का दावा है कि अफेयर में शामिल चीनी मूल की महिला बीजिंग के लिए जासूसी कर रही थी, हालांकि चीन ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

नई दिल्ली : दुनिया के टॉप CEO में शुमार एनवीडिया से सीईओ जेन्सेन हुआंग ने अपने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की बात कबूल कर ली है। उन्होंने कंपनी को लिखे पत्र में माना है कि चीनी मूल की एक महिला के साथ अफेयर था, एनवीडिया के CEO की कथित प्रेमिका का शुरुआती करियर चीनी मीडिया से जुड़ा रहा है। जिसकी वजह से अमेरिका इस महिला को चीनी जासूस समझता है, हालांकि चीन ने इन बातों से इंकार किया है।

दरअसल, अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेन्सेन हुआंग के एक कथित चीनी जासूस के साथ संबंध होने की खबरों के बीच कंपनी ने स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की है। जेन्सन हुआंग ने सोमवार को जारी एक बयान में पत्नी और बच्चों को पहुंची तकलीफ के लिए खेद जताते हुए अपने कृत्य की पूरी जिम्मेदारी स्वीकार की। उन्होंने कहा कि उनके इस व्यवहार का कोई बहाना नहीं है और वह अपने परिवार का भरोसा दोबारा जीतने की कोशिश करेंगे।

उन्होंने अपने परिवार और कंपनी से माफी मांगते हुए कहा, "मुझे अपने परिवार से और आप से माफी मांगनी चाहिए। मैंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की। मेरी हरकतों से उसे और हमारे बच्चों को बहुत दुख पहुंचा। मैंने जो किया, उसके लिए कोई बहाना नहीं है। मुझे बहुत पछतावा है।" 

बता दें कि एक अमेरिकी अखबार ने पिछले महीने सबसे पहले यह रिपोर्ट दी थी कि हुआंग के सिंगापुर स्थित एक डेटा सेंटर कंपनी की बॉस ऐलिस हुआंग के साथ करीबी संबंध थे। ऐलिस पर चीन को जानकारी देने का संदेह था। इसमें ऐसी जानकारी भी शामिल हो सकती है, जो अमेरिका की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी है। 

दुनिया के टॉप सीईओ ने परिवार को किया निराश

जेन्सेन हुआंग ने कहा कि उनका परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहा और प्यार तथा सहयोग दिया, लेकिन उन्होंने परिवार को निराश किया और साथ मिलकर बनाए गए जीवन को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने अपनी पत्नी और परिवार के प्रति प्यार जताते हुए कहा कि माफी से उनके किए को बदला नहीं जा सकता, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि समय के साथ परिवार इस स्थिति से उबर सकेगा। एनवीडिया के कर्मचारियों, निदेशक मंडल, साझेदारों और शेयरधारकों से भी जेन्सेन हुआंग ने माफी मांगी। उन्होंने कहा कि कंपनी का नेतृत्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है, लेकिन वह अपनी जिम्मेदारी पर खरे नहीं उतरे। 

जांच हुई शुरू

इस बीच, एनवीडिया के निदेशक मंडल ने कहा कि हालिया मीडिया रिपोर्टों में जेन्सेन हुआंग को विदेशी खुफिया प्रयास का निशाना बनाए जाने की बात सामने आने के बाद स्वतंत्र जांच शुरू की गई है। स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बाहरी स्वतंत्र कानूनी सलाहकारों की मदद से जांच की निगरानी करेगी। बोर्ड ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह एनवीडिया तथा उसके शेयरधारकों के हितों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। हालांकि, बोर्ड को फिलहाल ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया के गोपनीय रहस्यों से समझौता हुआ है। इसके बावजूद जांच में उपलब्ध सभी सूचनाओं की पड़ताल की जाएगी। 

यह भी पढ़ें : Mary Millben Diwali Wishes: दिवाली पर अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने दी भारतवासियों को बधाई, फिर गूंजेगी उनकी गाई 'ओम जय जगदीश हरे' आरती

संबंधित समाचार