आस्था का महापर्व छठ : 36 घंटे के कठिन निर्जल व्रत, शुद्धता और सूर्योपासना का अनूठा संगम

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

सूर्योपासना से सुख-समृद्धि की कामना का महापर्व है छठ

लोक आस्था का महापर्व छठ सूर्योपासना, शुद्धता और अटूट श्रद्धा का अनूठा संगम है। 36 घंटे के कठिन निर्जल व्रत में व्रती उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना करते हैं।

लखनऊ, अमृत विचार : लोक आस्था का महापर्व छठ सूर्योपासना, शुद्धता और अटूट श्रद्धा का अनूठा संगम है। 36 घंटे के कठिन निर्जल व्रत में व्रती उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना करते हैं। बांस के डाले में सजे मौसमी फल, सोंधी खुशबू बिखेरता ठेकुआ और नाक से मांग तक सजा लंबा सिंदूर इस पर्व की विशिष्ट पहचान है। लोक परंपराओं और पारिवारिक आस्था से जुड़ा यह महापर्व आपसी प्रेम, समर्पण और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी देता है। इसे डाला छठ के नाम से भी जाना जाता है।

गोमती तट पर स्थित 45 वर्ष पुराने छठ मेला घाट पर छठ महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित होने वाले इस महापर्व को भव्य और दिव्य बनाने के लिए पिछले दो महीने से तैयारियां चल रही हैं। गोमती में आई बाढ़ के बाद घाट पर जमा गंदगी की सफाई करा दी गई है। जिला प्रशासन, प्रदेश सरकार और भोजपुरी समाज मिलकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के इंतजामों में जुटे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं आयोजन की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।

अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट ली है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। गांव-गांव तक तालाबों और सड़कों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, नियमित फॉगिंग और चिकित्सा शिविर लगाने को कहा गया है। डेंगू और मच्छरों के प्रकोप को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। शासन स्तर से 22 बिंदुओं पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

14 को खरना, 16 की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य

पर्व की परंपराओं के अनुसार 13 तारीख को व्रती पूजा की तैयारियां करेंगे। कपड़ों की धुलाई, चक्की की सफाई और प्रसाद के लिए गेहूं पीसने का कार्य होगा। 14 तारीख को खरना होगा। इस दिन शाम को साठी के चावल का रसियाव, रोटी और लौकी की सब्जी गाय के घी में तैयार कर ग्रहण की जाएगी। इसके बाद निर्जल व्रत शुरू होगा। 16 तारीख की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा। पूजा में नए बर्तन, नए कपड़े और शुद्ध सामग्री का विशेष महत्व है। 

18 घंटे तक गूंजेंगे लोकगीत, मालिनी अवस्थी की प्रस्तुति

गोमती तट पर 15 तारीख को दोपहर दो बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। इसमें करीब 100 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम लगातार 18 घंटे चलेगा और 16 तारीख की सुबह आठ बजे पूरा होगा। मुख्य आकर्षण पद्मश्री मालिनी अवस्थी होंगी। उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुति शाम छह से रात नौ बजे तक होगी। प्रभुनाथ राय ने बताया कि 45 वर्ष पहले चार लोगों के साथ शुरू हुआ छठ मेला घाट आज विशाल आयोजन का रूप ले चुका है। उन्होंने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर छठ महापर्व में सहभागिता करने की अपील की है।

रिपोर्ट : अमित पाण्डेय

यह भी पढ़ें : लखनऊ : मलिहाबाद में रहस्यमयी मौतों का कहर, तीन दिन में एक ही परिवार के तीन बच्चों ने तोड़ा दम, गांव में दहशत

संबंधित समाचार