पाकिस्तान में आतंकी हमला : डीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा आतंकी हमला, अवैध सोना खनन के खिलाफ अभियान पर जा रही पुलिस वैन को बनाया निशाना, डीएसपी समेत 11 जवानों की मौत, 12 घायल

पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को आतंकवादियों ने पुलिस की एक गाड़ी पर घात लगाकर भीषण हमला कर दिया। इस आतंकी वारदात में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। 'रेस्क्यू 1122' के बयान के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब पुलिस दल सोने के अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने के लिए रवाना हो रहा था।

पेशावर : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस की एक गाड़ी पर बुधवार को आतंकवादियों के हमले में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह हमला तब हुआ जब पुलिस सोने के अवैध रूप से खनन के खिलाफ अभियान के लिए जा रही थी। आपात सेवा 'रेस्क्यू 1122' के एक बयान के मुताबिक, हमले में मरने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जबकि 12 अन्य घायल हुए हैं। 

पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जैब ने बताया कि कोहाट जिले के गंबट इलाके में जा रही पुलिस टीम कोहाट और करक के बीच स्थित दरबोकाच जलंधर बांदा इलाके में गोलीबारी की चपेट में आ गई। न्यूज एजेंसी की खबर के अनुसार, हमलावरों ने पहाड़ियों से पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की, जिसमें कई पुलिसकर्मी हताहत हुए और पुलिस के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। जैब ने बताया कि मृतकों में गंबट के पुलिस उपाधीक्षक हैदर जमां और उपनिरीक्षक मुख्तियार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हमले के दौरान पुलिस की पांच गाड़ियों को भी आग लगा दी गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर लगातार गोलीबारी की, जिसके जवाब में दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हुई। हमले के बाद अतिरिक्त पुलिस वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया, जबकि जवाबी कार्रवाई के लिए पुलिस का एक बड़ा दस्ता बुलाया गया।

जैब ने बताया कि हमले के बाद जिला मुख्यालय शिक्षण अस्पताल में आपात स्थिति घोषित की गई। खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने हमले की निंदा करते हुए इसे आपराधिक तत्वों और आतंकवादियों के बीच गठजोड़ का नतीजा बताया। पुलिसकर्मियों की मौत पर दुख जताते हुए उन्होंने जान गंवाने वाले अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। 

यह भी पढ़ें:- Jagdeep Dhankhar : पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ सुबह की सैर के दौरान बिगड़ी तबियत, एम्स में कराया गया भर्ती

संबंधित समाचार