बाराबंकी : गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप, 27 दिन बाद खेत में मिला युवती का कंकाल

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

बाराबंकी के रामनगर में धान की फसल कटने के बाद कपड़ों और चप्पल से हुई लापता युवती की पहचान; पिता ने गांव के ही दो युवकों पर लगाया गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप

बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में 27 दिनों से लापता चल रही युवती का कंकाल धान के खेत से बरामद हुआ है। फसल कटने के बाद मौके पर मिले कपड़ों और चप्पल से परिजनों ने शव की शिनाख्त की। पीड़ित पिता ने गांव के ही दो व्यक्तियों पर अपनी बेटी के साथ गैंगरेप कर उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

रामनगर, बाराबंकी,अमृत विचार : 27 दिन से लापता युवती की तलाश का अंत खेत में मिले कंकाल के रूप में हुआ। धान की फसल कटने के बाद कपड़ों और चप्पल के साथ मिले कंकाल की पहचान परिजनों ने की। पिता ने गांव के ही दो लोगों पर गैंगरेप के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है।

भैसुरिया मजरे सुल्तानपुर निवासी शख्स के मुताबिक उसकी बेटी 16 अक्टूबर की शाम घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद पिता ने 17 अक्टूबर को रामनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। गुरुवार देर रात फतेहुल्लापुर गांव में अमर सिंह के धान के खेत में बकरी चराने गए चरवाहों को कंकाल, कपड़े और चप्पल दिखाई दिए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और चप्पल से उसकी पहचान की।

क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत और प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी फॉरेंसिक और सर्विलांस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कंकाल कब्जे में लेकर जांच के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। एएसपी विवेक तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से युवती की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

रिपोर्ट : नितिन श्रीवास्तव

संबंधित समाचार