बदायूं के कछला निवासी नरेंद्र सिंह ने कुर्मांचलनगर स्थित आईसीएल कंपनी के चेयरमैन आरके गोला और अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ अदालत में शिकायत की थी। उनका आरोप है कि कंपनी की कई फाइनेंस संबंधी शाखाएं संचालित हैं। कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें निवेश पर मोटा मुनाफा और आकर्षक ब्याज देने का भरोसा दिलाया। इस पर उन्होंने अलग-अलग समय पर कंपनी में रकम जमा की।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, कंपनी के निदेशक दीपक कुमार भटनागर, चेयरमैन आरके गोला, नंदन कुमार, अमित शर्मा, अवधेश कुमार गोला, पुष्पेंद्र, अकील, अनिल कुमार साहू, ओमवीर कश्यप, श्रीराम और जितेंद्र समेत अन्य लोगों ने निवेश के नाम पर उनसे रुपये जमा कराए। आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी उन्हें न तो ब्याज दिया गया और न ही जमा रकम वापस की गई।
नरेंद्र सिंह का कहना है कि उन्होंने कई बार कंपनी के लोगों से रकम लौटाने का तकादा किया, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। करीब 20 से 22 लाख रुपये वापस नहीं किए गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रकम मांगने पर आरके गोला समेत अन्य निदेशकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने पहले पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर अदालत में गुहार लगाई। कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद प्रेमनगर पुलिस ने पांच अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।