Bareilly News: छठ पर बरेली के यात्रियों को रेलवे की सौगात, दो स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

17 से 20 नवंबर तक छपरा-दिल्ली और छपरा-नई दिल्ली के बीच होगा संचालन, बरेली जंक्शन पर भी दो-दो मिनट का ठहराव

छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे छपरा से दिल्ली और नई दिल्ली के बीच दो स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। दोनों ट्रेनों का बरेली जंक्शन पर ठहराव होगा। जानिए बरेली पहुंचने और रवाना होने का समय।

बरेली, अमृत विचार। छठ पर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। ये ट्रेनें छपरा से दिल्ली और नई दिल्ली के बीच चलाई जाएंगी। खास बात यह है कि दोनों ट्रेनों का ठहराव बरेली जंक्शन पर भी होगा। इससे पूर्वांचल और दिल्ली की ओर यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
 

मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 05071/05072 छपरा-दिल्ली स्पेशल का संचालन एक-एक फेरे के लिए किया जाएगा। ट्रेन 05071 छपरा से 17 नवंबर को रवाना होगी और अगले दिन 18 नवंबर को सुबह 11:08 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। दो मिनट ठहरने के बाद 11:10 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05072 दिल्ली से 18 नवंबर को चलेगी और 19 नवंबर को रात 1:38 बजे बरेली पहुंचेगी। यहां से 1:40 बजे रवाना होगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 05073/05074 छपरा-नई दिल्ली स्पेशल भी एक-एक फेरा लगाएगी। ट्रेन 05073 छपरा से 18 नवंबर को रवाना होकर 19 नवंबर को दोपहर 2:08 बजे बरेली पहुंचेगी और दो मिनट ठहरने के बाद 2:10 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05074 नई दिल्ली से 19 नवंबर को चलेगी और 20 नवंबर को सुबह 4:38 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। यहां दो मिनट रुकने के बाद 4:40 बजे रवाना होगी।

रेलवे विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दोनों स्पेशल ट्रेनों में एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार सफर का विकल्प मिल सके।

बरेली में ट्रेनों का समय

  • 05071 छपरा-दिल्ली: 18 नवंबर, सुबह 11:08 बजे आगमन, 11:10 बजे प्रस्थान।

  • 05072 दिल्ली-छपरा: 19 नवंबर, रात 1:38 बजे आगमन, 1:40 बजे प्रस्थान।

  • 05073 छपरा-नई दिल्ली: 19 नवंबर, दोपहर 2:08 बजे आगमन, 2:10 बजे प्रस्थान।

  • 05074 नई दिल्ली-छपरा: 20 नवंबर, सुबह 4:38 बजे आगमन, 4:40 बजे प्रस्थान।

ये भी पढ़ें- मोबाइल पर रेफरेंस नंबर नहीं आया तो दोबारा न भरें फॉर्म-6, बन रहीं दोहरी प्रविष्टियां

About The Author: Priya Chaturvedi

प्रिया चतुर्वेदी पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह अमृत विचार से जुड़ी हैं। इससे पहले वह अमर उजाला में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें रिपोर्टिंग, समाचार लेखन, संपादन और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार और गृह विज्ञान में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वह यूजीसी नेट उत्तीर्ण हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं का ज्ञान रखने वाली प्रिया की रुचि समसामयिक विषयों पर तथ्यपरक रिपोर्टिंग और जनसरोकारों से जुड़ी खबरों में है।