SIR : मोबाइल पर रेफरेंस नंबर नहीं आया तो दोबारा न भरें फॉर्म-6, बन रहीं दोहरी प्रविष्टियां

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

नेटवर्क की वजह से संदेश नहीं पहुंचने पर भी आवेदन हो सकता है जमा, सीएससी संचालकों को दी जाएगी ट्रेनिंग

बरेली में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने वाले आवेदकों को बार-बार आवेदन करने से बचने की सलाह दी गई है। मोबाइल पर रेफरेंस नंबर न आने की स्थिति में आवेदन की स्थिति जांचने और दोहरी प्रविष्टियां रोकने के लिए जन सुविधा केंद्र संचालकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

बरेली, अमृत विचार। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरते समय जल्दबाजी में दोबारा आवेदन न करें। मोबाइल पर रेफरेंस नंबर या आवेदन जमा होने का संदेश नहीं आने का मतलब यह नहीं है कि फॉर्म सबमिट नहीं हुआ। नेटवर्क की समस्या के चलते कई बार संदेश मोबाइल तक नहीं पहुंचता, जबकि आवेदन सफलतापूर्वक जमा हो चुका होता है। ऐसे में दोबारा फॉर्म भरने से मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के नाम की कई प्रविष्टियां हो रही हैं।
 
इस समस्या को रोकने के लिए जन सुविधा केंद्रों (सीएससी) के संचालकों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सीएससी संचालकों को फॉर्म-6 भरने से लेकर अंतिम रूप से जमा करने तक की प्रक्रिया समझाई जाएगी। खासतौर पर ई-साइन और रेफरेंस नंबर जनरेट होने की जानकारी दी जाएगी।
 
फॉर्म-6 का अंतिम सबमिशन आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी के माध्यम से ई-साइन करने के बाद ही पूरा होता है। ई-साइन सफल होने पर स्क्रीन पर आवेदन जमा होने का संदेश और रेफरेंस नंबर दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि यदि आवेदक के मोबाइल पर संदेश नहीं पहुंचता है तो सीएससी संचालक स्क्रीन पर दिखाई दे रहे रेफरेंस नंबर का स्क्रीनशॉट लेकर आवेदक को उपलब्ध कराएंगे।
 
इससे आवेदन की पुष्टि हो सकेगी और दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। संचालक अपना मोबाइल नंबर या कोई गलत नंबर दर्ज नहीं कर सकेंगे। आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर के जरिये ही उसकी स्थिति पता करने, अतिरिक्त दस्तावेजों से जुड़ी सूचना पाने और ई-ईपीआईसी डाउनलोड करने में मदद मिलेगी। फॉर्म-6 में आवेदक को घर का पूरा पता, सही पिन कोड भरना होगा, ताकि मतदाता पहचान पत्र सही पते पर पहुंचे। 
 
अपर जिलाधिकारी और ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर की जिला ई-गवर्नेंस सोसाइटी कमेटी के माध्यम से यह प्रशिक्षण आयोजित कराया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारियों को भी एक ही आवेदक की दोहरी प्रविष्टि रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
 

आवेदन जमा होने की पुष्टि कैसे करें

आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से ई-साइन करना जरूरी है। ई-साइन सफल होने पर स्क्रीन पर रेफरेंस नंबर दिखाई देता है। मोबाइल पर संदेश न आए तो स्क्रीन पर दिख रहे रेफरेंस नंबर का स्क्रीनशॉट लें आवेदन की स्थिति जानने के लिए उसी रेफरेंस नंबर का इस्तेमाल करें। संदेश न मिलने पर बिना पुष्टि किए दोबारा फॉर्म न भरें।

ये भी पढ़ें-बरेली के संप्रेक्षण गृह से कैसे भागा किशोर? अब मजिस्ट्रेट करेंगे पूरे मामले की जांच, 21 नवंबर को जुटाए जाएंगे साक्ष्य

संबंधित समाचार