त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में यात्री अपने घरों तक पहुंचे और फिर वापसी की। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसें संचालित कीं। कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई। चालकों, परिचालकों और कार्यशाला कर्मियों की सक्रियता से बसों का संचालन लगातार जारी रहा। इसका असर डिपो की आय और किलोमीटर संचालन के आंकड़ों में दिखाई दिया।
छह से 10 नवंबर के बीच पूरे रीजन के डिपो की बसों ने कुल 20 लाख 29 हजार 600 किलोमीटर की दूरी तय की और 8 करोड़ 87 लाख 39 हजार रुपये का राजस्व अर्जित किया। इसमें शाहजहांपुर डिपो सबसे आगे रहा। हरदोई डिपो 4 लाख 65 हजार 273 किलोमीटर संचालन और 2 करोड़ 9 लाख 3 हजार रुपये की आय के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, सीतापुर डिपो 3 लाख 93 हजार 396 किलोमीटर चलकर 1 करोड़ 73 लाख 6 हजार रुपये की आय के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
गोला डिपो ने 3 लाख 637 किलोमीटर का संचालन कर 1 करोड़ 24 लाख 83 हजार रुपये कमाए। कन्नौज डिपो की बसों ने 2 लाख 47 हजार 258 किलोमीटर का सफर तय किया और 1 करोड़ 9 लाख 53 हजार रुपये की आय की। लखीमपुर डिपो ने 1 लाख 54 हजार 22 किलोमीटर के संचालन से 69 लाख 3 हजार रुपये का राजस्व जुटाया।
एआरएम अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए लागू विशेष योजना 17 नवंबर तक प्रभावी रहेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों के उत्साह और यात्रियों की आवाजाही के बीच आने वाले दिनों में भी डिपो का प्रदर्शन बेहतर बना रहेगा।
आठ नवंबर को सबसे ज्यादा कमाई
शाहजहांपुर डिपो के लिए आठ नवंबर सबसे बेहतर दिन रहा। इस दिन बसों ने 1 लाख 16 हजार 85 किलोमीटर का सफर तय किया और 57 लाख 14 हजार रुपये की आय दर्ज की। सात नवंबर को 1 लाख 5 हजार 314 किलोमीटर संचालन से 50 लाख 6 हजार रुपये मिले। छह नवंबर को 1 लाख 2 हजार 652 किलोमीटर चलकर 45 लाख 92 हजार रुपये की कमाई हुई। नौ नवंबर को 54 हजार 44 किलोमीटर के संचालन से 23 लाख 62 हजार रुपये और 10 नवंबर को 93 हजार 419 किलोमीटर चलकर 34 लाख 88 हजार रुपये की आय हुई।