Jashn-e-Wasim Barelvi: बरेली के शायर की शायरी का दुनिया में बजा डंका, अब इस यूनिवर्सिटी से मिलेगी मानद उपाधि

21 नवंबर को ग्वालियर की ITM यूनिवर्सिटी करेगी सम्मानित, 32 साल की उम्र में ही उनके नाम पर हुआ था भव्य साहित्यिक आयोजन

मशहूर शायर प्रो. वसीम बरेलवी को 21 नवंबर को ग्वालियर की ITM यूनिवर्सिटी मानद उपाधि से सम्मानित करेगी। जानिए उनका साहित्यिक सफर, यश भारती पुरस्कार और अंतरराष्ट्रीय सम्मान।

बरेली, अमृत विचारः कुछ शायर महफिलों में पढ़े जाते हैं, कुछ दिलों में उतर जाते हैं। प्रो. वसीम बरेलवी उन शायरों में हैं, जिनके अल्फाज ने मोहब्बत, रिश्तों और इंसानियत को ऐसी जुबान दी कि उनकी पहचान बरेली से निकलकर दुनिया भर में पहुंच गई। अब उनके इसी साहित्यिक सफर में एक और उपलब्धि जुड़ने जा रही है। ग्वालियर की आईटीएम यूनिवर्सिटी 21 नवंबर को उन्हें मानद उपाधि से सम्मानित करेगी। यह सम्मान एक शायर की उपलब्धि के साथ बरेली की साहित्यिक पहचान के लिए भी खास है।

32 साल की उम्र में ही उनके नाम पर सजा था जश्न

वसीम बरेलवी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि छह फरवरी 1972 को महज 32 साल की उम्र में उनके सम्मान में भव्य 'जश्न-ए-वसीम बरेलवी' आयोजित किया गया था। उस दौर में इस आयोजन पर 1.40 लाख रुपये खर्च हुए थे। मशहूर गायक महेंद्र कपूर भी मुंबई से पहुंचे थे और उन्होंने वसीम बरेलवी की गजलों को अपनी आवाज दी थी।

यह आयोजन सिर्फ एक शायर का सम्मान नहीं था, बल्कि बरेली की साहित्यिक विरासत का ऐसा पड़ाव था, जिसने उनकी लोकप्रियता को नई पहचान दी। इस जश्न में मिले सम्मान को वसीम बरेलवी ने अपने माता-पिता रफिया बेगम और शाहिद हसन को समर्पित कर दिया था।

मुशायरों से निकलकर लोगों की जुबान तक पहुंची शायरी

वसीम बरेलवी की शायरी की खासियत है कि इसमें जिंदगी के अनुभव, रिश्तों की नजाकत और इंसानी संवेदनाएं सहज शब्दों में सामने आती हैं। उनकी रचनाएं सिर्फ साहित्यिक मंचों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि आम लोगों के दिलों में भी जगह बनाती गईं।

बरेली कॉलेज में प्रोफेसर रहे वसीम बरेलवी वर्ष 2011 से 2014 तक नेशनल काउंसिल फॉर प्रमोशन ऑफ उर्दू लैंग्वेज के उपाध्यक्ष रहे। वर्ष 2013 में उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार ने यश भारती पुरस्कार से सम्मानित किया। साहित्य में उनके योगदान को देखते हुए वर्ष 2016 में उन्हें विधान परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया। उनके मार्गदर्शन में अब तक 10 शोधार्थी पीएचडी कर चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी मिला सम्मान

वसीम बरेलवी को वर्ष 2009 में अमेरिका के ह्यूस्टन में 'अली सरदार जाफरी अदबी एजाज' से सम्मानित किया गया था। अब आईटीएम यूनिवर्सिटी की ओर से मिलने वाली मानद उपाधि उनके लंबे साहित्यिक सफर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

बोले- यह सम्मान बरेलीवासियों का भी

मानद उपाधि मिलने पर वसीम बरेलवी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बरेली के एक कलमकार को इतना बड़ा सम्मान मिलना गर्व की बात है। प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय की ओर से उनके साहित्यिक योगदान को पहचान देने के लिए उन्होंने आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि बरेलीवासियों का भी है, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया।

यह भी पढ़ेंः मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में पीलीभीत बना नंबर-1, 1,271 जोड़ों का कराया गया विवाह

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.