मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में पीलीभीत बना नंबर-1, 1,271 जोड़ों का कराया गया विवाह
यूपी में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक 22,419 जोड़े बंधे विवाह बंधन में, गरीब परिवारों को बेटियों की शादी के लिए मिल रहा आर्थिक सहारा
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में पीलीभीत यूपी में पहले स्थान पर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में 1,271 और प्रदेश में अब तक 22,419 जोड़ों का विवाह कराया गया।
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक प्रदेश में 22,419 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है। इसमें पीलीभीत 1,271 विवाहों के साथ पहले स्थान पर है। योजना के जरिए गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहारा मिल रहा है।
योजना के तहत नवदंपतियों को गृहस्थी के लिए उपहार और वधू के बैंक खाते में सीधे आर्थिक सहायता दी जाती है। सामूहिक आयोजनों से विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची और दहेज जैसी कुरीतियों पर अंकुश लगाने के साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए जनपदों में सत्यापन और विवाह आयोजनों की प्रक्रिया जारी है। जिन जिलों में कार्यक्रम शेष हैं, वहां तिथियां तय कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
