सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में फिर बरेली अव्वल: जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण में पीलीभीत को दूसरा और रामपुर को मिला तीसरा स्थान
अक्टूबर माह की समग्र रैंकिंग में बरेली को मिले 9.37 अंक, मुरादाबाद मंडल में रामपुर लगातार दसवें महीने पहले पायदान पर कायम, टॉप-10 में शाहजहांपुर और मुरादाबाद भी शामिल
सीएम डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की समग्र रैंकिंग में बरेली ने लगातार अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस सूची में पीलीभीत दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर काबिज हुआ है। मूल्यांकन के तहत बरेली को 10 में से सर्वाधिक 9.37 अंक, पीलीभीत को 9.29 अंक और रामपुर को 9.12 अंक प्राप्त हुए हैं।
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की प्राथमिकता का सीधा असर उत्तर प्रदेश के जिलों की प्रशासनिक रैंकिंग में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। सीएम डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की समग्र रैंकिंग में बरेली ने लगातार अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस सूची में पीलीभीत दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर काबिज हुआ है। मूल्यांकन के तहत बरेली को 10 में से सर्वाधिक 9.37 अंक, पीलीभीत को 9.29 अंक और रामपुर को 9.12 अंक प्राप्त हुए हैं।
गुणवत्तापूर्ण फीडबैक और समयबद्ध निस्तारण से बरेली को मिली बढ़त
बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह के अनुसार, जिले में चल रहे विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के साथ-साथ सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज होने वाली जनशिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा केवल शिकायतों के निस्तारण तक ही सीमित न रहकर, समाधान के बाद फरियादियों से प्राप्त होने वाले फीडबैक की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जिससे जिले को प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल करने में बड़ी मदद मिली।
मुरादाबाद मंडल में रामपुर का दबदबा, लगातार दसवें महीने रहा अव्वल
रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि डैशबोर्ड की रैंकिंग में विकास और राजस्व कार्यों के साथ ही जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, की गई कार्रवाई और फीडबैक समेत विभिन्न मानकों का गहन मूल्यांकन किया जाता है। रामपुर ने 91.20 प्रतिशत (9.12) अंक के साथ प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। उल्लेखनीय है कि मुरादाबाद मंडल में रामपुर लगातार दसवें महीने पहले स्थान पर बना हुआ है। मंडल के अन्य जिलों की बात करें तो प्रदेश की रैंकिंग में मुरादाबाद 10वें, संभल 13वें, अमरोहा 45वें और बिजनौर 60वें स्थान पर रहे हैं, जिससे मंडल के जिलों के प्रशासनिक प्रदर्शन में स्पष्ट अंतर सामने आया है।
अक्टूबर माह में प्रदेश के टॉप-10 जिले और उनके अंक
समग्र प्रदर्शन के आधार पर अक्टूबर महीने की रैंकिंग में प्रदेश के शीर्ष दस जिलों में बरेली 9.37 अंकों के साथ पहले, पीलीभीत 9.29 अंकों के साथ दूसरे और रामपुर 9.12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद शाहजहांपुर 9.11 अंक लेकर चौथे, ललितपुर 9.10 अंकों के साथ पांचवें और बागपत 9.08 अंक प्राप्त कर छठे पायदान पर रहा। वहीं हमीरपुर को 9.05 अंकों के साथ सातवां, अंबेडकरनगर को 9.01 अंकों के साथ आठवां, आजमगढ़ को 9.00 अंकों के साथ नौवां तथा मुरादाबाद को 8.99 अंकों के साथ दसवां स्थान प्राप्त हुआ है।
इन प्रमुख मानकों पर होता है जिलों का मूल्यांकन
सीएम डैशबोर्ड की इस रैंकिंग में जिलों की कार्यप्रणाली को परखने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को आधार बनाया जाता है। इनमें जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, शिकायतों पर की गई ठोस कार्रवाई और शिकायत निस्तारण के बाद प्राप्त होने वाला फीडबैक सबसे प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त जिले में विकास कार्यों की प्रगति, राजस्व कार्यों का प्रदर्शन, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रमुख संकेतकों के आधार पर भी अंक निर्धारित किए जाते हैं।
यह भी पढ़ें:
