Bareilly News: एसपी से नहीं हुई मुलाकात तो सड़क पर उतरे अधिवक्ता, कचहरी के सामने लगाया जाम

एसपी से मुलाकात न होने पर सेंट्रल बार एसोसिएशन ने जताया विरोध, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

शाहजहांपुर में अधिवक्ता के भाई की हत्या के मामले में ढाई माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से वकीलों में नाराजगी है। एसपी से मुलाकात न होने पर सेंट्रल बार एसोसिएशन के सदस्यों ने कचहरी के सामने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।

शाहजहांपुर, अमृत विचार। अधिवक्ता के भाई की हत्या के मामले में ढाई माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शुक्रवार को सेंट्रल बार एसोसिएशन के सदस्यों का गुस्सा फूट पड़ा। अधिवक्ता कचहरी के सामने सड़क पर बैठ गए और जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। वकीलों का आरोप है कि मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
 

सेंट्रल बार एसोसिएशन के सदस्य अवनीश कुमार सिंह के भाई सुधीर कुमार सिंह की 30 अगस्त को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में खुदागंज थाने में गांव के ही बबलू, उसके भाई शिव शंकर और ओमपाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अधिवक्ताओं के मुताबिक, आठ सितंबर को मामले का स्थानांतरण खुदागंज से सिंधौली कर दिया गया था।

अधिवक्ता शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन एसपी ने स्वयं ज्ञापन लेने के बजाय एएसपी सिटी को भेज दिया। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने कचहरी के सामने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान वकील मौके पर एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

ये भी पढ़ें- ऑपरेशन मुस्कान से लौटी परिवार की खुशियां, नाराज किशोर को जीआरपी ने खोजा

About The Author: Priya Chaturvedi

प्रिया चतुर्वेदी पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह अमृत विचार से जुड़ी हैं। इससे पहले वह अमर उजाला में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें रिपोर्टिंग, समाचार लेखन, संपादन और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार और गृह विज्ञान में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वह यूजीसी नेट उत्तीर्ण हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं का ज्ञान रखने वाली प्रिया की रुचि समसामयिक विषयों पर तथ्यपरक रिपोर्टिंग और जनसरोकारों से जुड़ी खबरों में है।