Moradabad News: ऑपरेशन मुस्कान से लौटी परिवार की खुशियां, नाराज किशोर को जीआरपी ने खोजा
रामपुर मनिहारन स्टेशन पर अकेला और परेशान हालत में मिला किशोर, ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने परिजनों को सौंपा
सहारनपुर के रामपुर मनिहारन रेलवे स्टेशन पर परिजनों से नाराज होकर पहुंचे 16 वर्षीय किशोर को जीआरपी शामली ने सकुशल बरामद कर परिवार से मिलाया। पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत कार्रवाई की।
मुरादाबाद, अमृत विचार। परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकला 16 वर्षीय किशोर रेलवे स्टेशन पहुंच गया। रामपुर मनिहारन रेलवे स्टेशन पर वह अकेला और परेशान हालत में घूमता मिला। प्लेटफॉर्म पर गश्त और चेकिंग कर रही जीआरपी टीम ने उससे पूछताछ की तो घर से नाराज होकर आने की बात सामने आई। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर किशोर को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
पुलिस अधीक्षक रेलवे मुरादाबाद आशुतोष शुक्ला के निर्देशन में गुमशुदा लोगों की तलाश और बरामदगी के लिए ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी रेलवे सहारनपुर देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण और जीआरपी शामली के थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम रेलवे स्टेशनों पर गश्त और चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान टीम को रामपुर मनिहारन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर एक किशोर अकेला और परेशान अवस्था में दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत की तो उसने अपनी उम्र करीब 16 वर्ष बताई और परिजनों की डांट से नाराज होकर स्टेशन आने की जानकारी दी। किशोर की पहचान गोपनीय रखने के लिए पुलिस ने उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया।
जीआरपी टीम किशोर को थाने ले आई और उचित माध्यम से उसके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर परिजन थाने पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोर को सकुशल परिवार के सुपुर्द कर दिया। किशोर के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने जीआरपी टीम का आभार जताया। पुलिस के इस प्रयास की स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने भी सराहना की।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस गुमशुदा और परिजनों से बिछड़े बच्चों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित परिवार तक पहुंचाने का प्रयास करती है। जीआरपी टीम रेलवे स्टेशनों पर गश्त और चेकिंग के दौरान ऐसे बच्चों पर विशेष ध्यान दे रही है।
