Bareilly News: बरेली के प्रोफेसर का कमाल, AI चश्मे ने स्टैनफोर्ड में दुनिया का जीता दिल

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

प्रो. विनय ऋषिवाल की टीम ने 13 अंतरराष्ट्रीय टीमों के बीच जीता पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड, AI चश्मा वस्तुओं को पहचानकर सुनाएगा लिखित सामग्री

रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रो. विनय ऋषिवाल की टीम ने अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित ई-वियर-एक्स प्राइज 2026 में पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड हासिल किया। टीम के AI आधारित स्मार्ट चश्मे 'विजनप्रो' को दृष्टिबाधित लोगों की मदद के लिए विकसित किया गया है।

बरेली, अमृत विचार। जिस तकनीक को अब तक सुविधाओं और आधुनिक जीवनशैली से जोड़कर देखा जाता रहा है, वही तकनीक दृष्टिबाधित लोगों के लिए आत्मनिर्भरता का नया रास्ता खोल सकती है। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रो. विनय ऋषिवाल की टीम ने ऐसा ही नवाचार दुनिया के सामने पेश किया है।

अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय तकनीकी प्रतियोगिता में टीम के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित स्मार्ट चश्मे 'विजनप्रो' को पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। दुनिया के 13 चयनित दलों के बीच भारतीय टीम को यह उपलब्धि मिली।

13 देशों की टीमों के बीच भारतीय नवाचार को पसंद किया गया

ई-वियर-एक्स प्राइज 2026 में सिंगापुर, चीन, जापान की क्योटो यूनिवर्सिटी, नीदरलैंड, जर्मनी और अमेरिका समेत कई देशों की टीमों ने अपने तकनीकी नवाचार प्रस्तुत किए। भारतीय टीम में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. विनय ऋषिवाल के साथ न्यूयॉर्क की कैंडर टेक लैब्स के संस्थापक मुनीर खान और देहरादून स्थित यूपीईएस के कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद साकिब शामिल रहे। टीम को बायोटेक ओपन पिच श्रेणी में दर्शकों की पसंद का पुरस्कार मिला।

सामने की वस्तुओं को पहचानेगा, किताबें भी पढ़कर सुनाएगा

विजनप्रो को इस तरह तैयार किया गया है कि दृष्टिबाधित व्यक्ति आसपास की चीजों के बारे में जानकारी हासिल कर सके। चश्मे में लगे कैमरे की मदद से सामने मौजूद वस्तुओं को पहचाना जा सकता है। इसकी एक खास सुविधा किताबों, कागजात और अन्य लिखित सामग्री को पढ़कर आवाज के माध्यम से सुनाना है। इससे उपयोगकर्ता को जरूरी जानकारी हासिल करने के लिए हर बार किसी दूसरे व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

स्क्रीन नहीं, कंपन से भी मिलेगी जरूरी सूचना

विजनप्रो में वाइब्रेशन यानी कंपन के जरिए अलर्ट देने की सुविधा भी शामिल की गई है। उपयोगकर्ता इन संकेतों को महसूस कर जरूरी सूचना समझ सकता है। इस तरह कैमरा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेंसर तकनीक को एक ही उपकरण में जोड़ने की कोशिश की गई है। इसका उद्देश्य रोजमर्रा के कामों में दृष्टिबाधित लोगों की सहायता करना और उनकी स्वतंत्रता बढ़ाना है।

तकनीक को सामाजिक जरूरत से जोड़ने की कोशिश

टीम का यह नवाचार दिखाता है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल केवल औद्योगिक या व्यावसायिक जरूरतों तक सीमित नहीं है। इसे दिव्यांगजनों के जीवन को आसान बनाने के लिए भी उपयोग में लाया जा सकता है। स्टैनफोर्ड में मिला सम्मान रुहेलखंड विश्वविद्यालय और भारतीय टीम के इस प्रयास को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली पहचान है।

ये भी पढ़ें- मार्च की डेडलाइन, फिर भी अधूरा बरेली-सितारगंज हाईवे, नवादा में अटका निर्माण

संबंधित समाचार