Bareilly News: मार्च की डेडलाइन, फिर भी अधूरा बरेली-सितारगंज हाईवे, नवादा में अटका निर्माण
पहले पैकेज में 25 प्रतिशत काम बाकी, दूसरे की प्रगति भी महज 30 फीसदी, फरीदपुर गंगा उर्फ नवादा में मकानों और जमीन का विवाद बना बड़ी बाधा
बरेली-सितारगंज हाईवे का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है, लेकिन पहले पैकेज में 75 और दूसरे में सिर्फ 30 प्रतिशत काम पूरा होने का दावा है। नवादा में मकानों का विवाद और अन्य अड़चनें परियोजना की रफ्तार पर सवाल खड़े कर रही हैं।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बरेली से पीलीभीत होते हुए उत्तराखंड तक हाईवे का निर्माण दो पैकेज में करा रहा है। दोनों पैकेज का काम मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले पैकेज में बरेली से पीलीभीत तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। हालांकि कई स्थानों पर अधूरा निर्माण, जमीन संबंधी विवाद और अतिक्रमण के कारण काम प्रभावित हुआ है।
परियोजना की शुरुआत से ही भूमि अधिग्रहण में गड़बड़ी की जांच, अधिकारियों के निलंबन, पांच स्थानों पर बाइपास निर्माण के लिए रिठौरा, बरकापुर और लाड़पुर उस्मानपुर में अतिक्रमण तथा वन विभाग की एनओसी जैसी अड़चनें सामने आईं। बरसात के दौरान करीब चार महीने काम ठप रहा। इसके अलावा खाईखेड़ा, बरखेड़ा और गरमई में जमीन के छोटे-छोटे हिस्सों को लेकर विवाद भी निर्माण की गति पर असर डालते रहे।
नवादा में मकानों का विवाद सबसे बड़ी चुनौती
फरीदपुर गंगा उर्फ नवादा में सड़क की जद में आए मकानों को लेकर विवाद अब भी पूरी तरह नहीं सुलझा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित मकानों का मूल्यांकन कराया गया था। प्रभावित परिवारों को दूसरी जगह जमीन और मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। कुछ ग्रामीणों के खातों में मुआवजे की रकम पहुंच चुकी है, लेकिन उनकी मांग है कि उन्हें मकान बनवाकर दिए जाएं।
दूसरी ओर एनएचएआई का कहना है कि निर्धारित मूल्यांकन के आधार पर मुआवजा दिया जा चुका है। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने से निर्माण प्रभावित हो रहा है। परियोजना निदेशक के मुताबिक, राजस्व विभाग की मदद से विवाद सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
टोल शिफ्ट होने के बाद सफर होगा टोल फ्री
हाईवे का पहला पैकेज पूरा होने के बाद लभेड़ा स्थित मौजूदा टोल प्लाजा को पीलीभीत से आगे शिफ्ट करने की योजना है। इससे बरेली से पीलीभीत के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों को टोल नहीं देना पड़ेगा। परियोजना पूरी होने से उत्तराखंड की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को भी जाम से राहत मिलने और माल की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है।
निर्माण से कारोबार और आवागमन प्रभावित
हाईवे निर्माण की धीमी रफ्तार से आसपास के दुकानदारों और नियमित यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। व्यापारी सचिन पटेल का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से कारोबार बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन दुकानों के सामने मिट्टी और निर्माण सामग्री पड़ी रहने से ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे हैं। माल की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
हाफिजगंज और आसपास के क्षेत्र में अधूरी सड़क और धूल से लोग परेशान हैं। सर्वेश के मुताबिक, लंबे समय से चल रहे निर्माण के कारण इस मार्ग से निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं पुनीत यादव का कहना है कि पीलीभीत जाने के दौरान कई बार जाम और धूल का सामना करना पड़ता है। उनका मानना है कि हाईवे पूरा होने से बरेली से पीलीभीत का सफर करीब एक घंटे में पूरा हो सकेगा।
वर्जन
परियोजना का अधिकांश हिस्सा पूरा हो चुका है और निर्धारित डेडलाइन के भीतर काम खत्म करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फरीदपुर गंगा के पास जमीन और मकानों से जुड़े कुछ विवाद हैं, जिन्हें राजस्व विभाग की मदद से सुलझाया जा रहा है।
— अभय भूषण, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
