बदायूं: आंधी-बारिश का कहर, कुठिया और टीन गिरने से दो लोगों की मौत

बदायूं, अमृत विचार: बुधवार रात आंधी और बारिश ने कहर बरपा दिया। जिले में भारी नुकसान हुआ है। आंधी बारिश की वजह से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हो गए। साथ ही कई इलाकों बिजली के पोल और पेड़ टूट गए। जिसकी वजह से विद्युत सप्लाई बाधित हो गई। सैकड़ों गांवों में विद्युत सप्लाई बंद हो गई। फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। गुरुवार की सुबह तबाही का मंजर देखकर लोग दंग रह गए। 

पिछले कई दिनों से आसमान से आग बरस रही थी। तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आ रहा था। भीषण गर्मी और उसम से लोगों का बुरा हाल था। दूर दूर तक आंधी और बारिश के आसार नहीं आ रहे थे। बुधवार की देर रात अचानक से मौसम परिवर्तन हो गया। देखते ही देखते आसमान में काले बादल घिर गए। तेज हवाएं चलने लगीं। 

अचानक बारिश शुरू हो गई। जिससे दो ग्रामीणों की मौत हो गई। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के गांव सोवरनपुर निवासी सूरजपाल (40) बुधवार रात खेत पर फसल की रखवाली करने गए थे। अचानक बारिश आने से वह और पास के खेत पर मौजूद रूपेंद्र गांव के पास प्रेम पुत्र भूप सिंह की गारे और ईंटों से बनी कुठिया में बैठ गए। अचानक कुठिया गिर गई। सूरजपाल की मौत हो गई जबकि रूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। 

घायल को भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन ने मौका मुआयना करके रिपोर्ट तैयार की है। वहीं कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव सिद्धपुर चित्रसेन निवासी अमर सिंह (58) पुत्र गोकुल घर के आंगन में चारपाई पर सो रहे थे। आंधी आई तो वह उठकर भीतर जाने लगे लेकिन इसी दौरान पास के घर की छत पर डली टीन उड़कर आ गई। 

अमर सिंह के ऊपर जा गिरी। जिससे उनके गर्दन कट गई। मौके पर ही अमर सिंह की मौत हो गई। गुरुवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके अलावा आंधी और बारिश के दौरान सैकड़ों पेड़ और विद्युत पोल टूट कर गिर गए। शहर और ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत फीडरों का ब्रेक डाउन हो गया। गांवों में अंधेरा छा गया। 

आंधी से दहगवां के साठ, बिसौली के 50 और बदायूं के एक दर्जन से अधिक गांवों में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। आंधी और बारिश के साथ ओले भी पड़े। जिससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। 

तेज आंधी तूफान से भारी नुकसान, बिजली हुई गुल(कुंवरगांव)
देर रात आई तेज आंधी-बारिश ने तबाही मचा दी। कई जगह पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए। जिससे बिजली व्यवस्था गढ़वढा़ गई। गांव फकीराबाद में कई साल पुराना नीम का पेड़ टूटकर शिशुपाल पुत्र चुन्नी के मकान पर जा गिरा। मकान क्षतिग्रस्त हो गया।

मकान के मलबा में दबकर शिशुपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं गांव बल्लिया में भी नीम का पेड़ टूटकर बिजली के खंभे पर गिर गया। बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। ज्ञान प्रकाश मौर्य का नुकसान हुआ। कुंवरगांव बिजली उपकेंद्र से संबंधित दर्जनों गांव रात के अंधेरे में रहे। गुरुवार दोपहर बिजली सुचारु की गई।

चाहरदीवारी गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल(म्याऊं)
आंधी और बारिश में म्याऊं क्षेत्र के कई गांवों में बिजली के खंभे गिर गए। उसावां क्षेत्र के गांव सौंधामई निवासी सोनू के ऊपर चाहरदीवारी गिरने से वह घायल हो गया। बिजली जाने पर गर्मी के चलते वह छत पर सो गए थे। बारिश आने पर वह छत से नीचे उतरे अचानक चाहरदीवारी उनके ऊपर गिर गई। चाहरदीवारी गिरने की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी पहुंच गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं सौंधामई, कैलोठा और मरौरी में हाइटेंशन लाइन के तार गिर गए। जिससे कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही।

यह भी पढ़ें- बदायूं: फसल की रखवाली करने गए किसान की धारदार हथियार से हत्या, परिवार में मचा कोहराम

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).