बदायूं, अमृत विचार। कभी परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल था, लेकिन आज मीना के हाथों बनी मिठाई दूसरे जिलों तक पहुंच रही है। म्याऊं ब्लॉक के गांव सुकटिया की रहने वाली मीना ने आर्थिक तंगी को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। पांच साल पहले परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए उनके पति राकेश को दिल्ली और हरियाणा में नौकरी करने जाना पड़ता था। ऐसे में मीना ने खुद कुछ करने का फैसला किया और स्वरोजगार की राह पकड़ ली। आज दूध की लौज के कारोबार ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ गांव में एक अलग पहचान भी दिलाई है। उनके इस काम से 10 से 15 अन्य महिलाओं को भी रोजगार मिल रहा है।
मीना के जीवन में बदलाव की शुरुआत आजीविका मिशन के तहत मिले प्रशिक्षण से हुई। उन्हें जानकारी मिली कि मिशन के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके बाद उन्होंने मिठाई बनाने का 15 दिन का प्रशिक्षण लिया। हुनर सीखने के बाद पति राकेश के साथ गांव में ही मिठाई की दुकान शुरू कर दी।
शुरुआत आसान नहीं थी। दुकान पर ग्राहक कम आते थे, लेकिन मीना ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने मिठाई की गुणवत्ता और स्वाद पर विशेष ध्यान दिया। धीरे-धीरे उनकी बनाई दूध की लौज लोगों को पसंद आने लगी। ग्राहकों की संख्या बढ़ी तो कारोबार भी आगे बढ़ने लगा। अब उनकी मिठाई की मांग गांव से निकलकर दूसरे जिलों तक पहुंच चुकी है।
अधिकारियों तक पहुंचा मीना की मिठाई का स्वाद
मीना के हाथों बनी दूध की लौज की चर्चा धीरे-धीरे जिले में भी होने लगी। लोकप्रियता बढ़ने के बाद अधिकारियों को भी उनकी मिठाई के बारे में जानकारी मिली। अधिकारियों ने दुकान से दूध की लौज मंगवाई और स्वाद पसंद आने पर सराहना की। अब त्योहारों के दौरान भी उनकी मिठाई की मांग बढ़ जाती है। दीपावली समेत अन्य त्योहारों पर मिलने वाले ऑर्डर से कारोबार को अच्छा सहारा मिलता है।
बदायूं से शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद तक पहुंची मिठास
मीना की मेहनत का असर अब उनके कारोबार के विस्तार में भी दिख रहा है। बदायूं के अलावा शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद तक उनकी बनाई दूध की लौज भेजी जा रही है। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए उन्होंने गांव की दूसरी महिलाओं को भी अपने साथ जोड़ना शुरू किया। जरूरत के मुताबिक 10 से 15 महिलाएं मिठाई तैयार करने में सहयोग करती हैं। इससे मीना का कारोबार आगे बढ़ रहा है और गांव की महिलाओं को भी अपने घर के आसपास काम मिल रहा है।
हर महीने 50 से 80 हजार रुपये तक की आमदनी
मीना ने बताया कि दूध की लौज और मिठाई के कारोबार से हर महीने करीब 50 से 80 हजार रुपये की आमदनी हो जाती है। त्योहारों के समय बिक्री और ऑर्डर बढ़ने से कमाई भी बेहतर रहती है। दीपावली पर भी मिठाई की अच्छी मांग रही। मीना के मुताबिक, इस कारोबार ने परिवार की आर्थिक स्थिति को काफी मजबूत किया है। अब वह खुद आत्मनिर्भर हैं और दूसरी महिलाओं को भी रोजगार देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद कर रही हैं।