UP Election 2027: कह गए केशव... पहले वोट बनवाना, फिर विजय दिलाना
पात्रों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचने की अपील
बरेली में सामाजिक समरसता सम्मेलन में पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। सपा पर निशाना साधते हुए 2012 से 2017 के शासनकाल को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और मतदाता सूची में पात्रों के नाम जुड़वाने की अपील की।
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बरेली में कार्यकर्ताओं को चुनावी संदेश दिया। रविवार को मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित सामाजिक समरसता सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि पहले पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं, फिर चुनाव में भाजपा को विजय दिलाने के लिए जुटें। उनके संबोधन में सरकार की उपलब्धियों के साथ समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले भी प्रमुखता से नजर आए।
केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य ताकत और वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है। पहले आतंकवादी घटनाओं के बाद भारत दूसरे देशों के सामने गुहार लगाता था, लेकिन अब आतंकवाद का जवाब सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर से दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की महाशक्ति के रूप में उभर रहा है।
केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के साथ आवास, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है। तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रही है।
सपा पर साधा निशाना, कानून-व्यवस्था का किया जिक्र
डिप्टी सीएम ने वर्ष 2012 से 2017 के बीच प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सपा सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि उस समय अपराध चरम पर था और पुलिस अपराधियों से डरती थी, जबकि भाजपा सरकार में अपराधी पुलिस से डरते हैं। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि घर-घर जाकर पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में सहयोग करें। संविधान को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान को खत्म नहीं करेगी, बल्कि संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप काम करेगी। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में उत्तर प्रदेश की भी अहम भूमिका होगी।
बिरसा मुंडा की जयंती का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महापुरुषों और जनजातीय नायकों को सम्मान देने का काम कर रही है। प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करना उनके उत्साह और भविष्य को प्रोत्साहित करने का प्रयास है। कार्यक्रम के आयोजक एमएलसी बहोरनलाल मौर्य रहे। डिप्टी सीएम ने मंत्री, एमएलसी और भाजपा पदाधिकारियों के साथ मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
इस दौरान वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, डीसी वर्मा, एमपी आर्य, जिला प्रभारी दिनेश शर्मा, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी और महिला आयोग सदस्य पुष्पा पांडेय मौजूद रहे। संचालन निर्भय गुर्जर ने किया।
विधायक संजीव अग्रवाल से काफी देर तक चर्चा
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी संबोधन के लिए मंच पर पहुंचे तो कैंट विधायक संजीव अग्रवाल अपनी कुर्सी छोड़कर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बगल में आकर बैठ गए। दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही।
झंडा उतारने के लिए पोल पर चढ़ा युवक
कार्यक्रम के समापन के बाद लोग जाने लगे तो एक युवक पंडाल में लगे झंडे को उतारने के लिए पोल पर चढ़ गया। पोल के उखड़ने से हादसे की आशंका बन सकती थी, लेकिन युवक जोखिम उठाकर झंडा उतारने में लगा रहा। यह देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
