हरदोई: शादी के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने युवक की शादी कराने का भरोसा देकर उससे 60 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद शाहाबाद के बेझा चौराहे पर एक महिला से उसकी मुलाकात कराई। महिला शादी के लिए राजी हो गई तो युवक उसे दुल्हन बनाकर बाइक से घर ले जाने लगा। लेकिन रास्ते में महिला शौचालय जाने के बहाने बाइक रुकवाकर उसे चकमा देकर फरार हो गई। इतना ही नहीं, ठगी का खुलासा होने पर आरोपी ने खुद को थाने का चौकीदार बताते हुए युवक को धमकाया। कोर्ट की सुनवाई के बाद पुलिस ने करीब तीन महीने बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
शादी के नाम पर लिए 60 हजार रुपये
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के नगला खानपुर निवासी 35 वर्षीय मुकेश कुमार के मुताबिक, उसकी शादी नहीं हुई थी और वह अपने लिए जीवनसाथी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उसने गांव के रामदास से अपनी शादी कराने की इच्छा जताई। आरोप है कि इसी साल 26 जुलाई को रामदास उसके पास पहुंचा और 60 हजार रुपये में शादी कराने का भरोसा दिया।
रामदास की बातों पर विश्वास करके मुकेश ने अपनी मेहनत की कमाई के 60 हजार रुपये उसे दे दिए। इसके बाद रामदास उसे शाहाबाद के बेझा चौराहे पर ले गया, जहां एक महिला से उसकी मुलाकात कराई गई। बातचीत के बाद महिला मुकेश के साथ रहने के लिए राजी हो गई।
शौचालय जाने के बहाने बाइक रुकवाई और भाग गई महिला
मुकेश के अनुसार, रामदास के कहने पर वह महिला को अपनी दुल्हन बनाकर बाइक से घर के लिए रवाना हो गया। कुछ दूर पहुंचने के बाद महिला ने शौचालय जाने की बात कहकर बाइक रुकवाई और मौका मिलते ही वहां से फरार हो गई। इस तरह शादी कराने के नाम पर मुकेश के साथ कथित तौर पर ठगी हो गई।
खुद को थाने का चौकीदार बताकर दी धमकी
मुकेश ने जब रामदास से इस बारे में बात की तो आरोप है कि उसने धौंस दिखाते हुए खुद को थाने का चौकीदार बताया। साथ ही कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता और इस काम में उसके साथ कई अन्य लोग भी जुड़े हैं।
पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट की सुनवाई के बाद बेहटा गोकुल पुलिस ने रविवार रात करीब तीन महीने बाद रामदास के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः Shravasti Road Accident: सीमा पर हादसे के बाद कार में फंसे दो युवक, SSB जवानों ने बचाई जान