लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला जारी है। शासन ने वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए कानपुर और वाराणसी के मंडलायुक्त बदल दिए हैं। के. विजयेन्द्र पांडियन को कानपुर मंडलायुक्त पद से हटाकर वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम अब कानपुर मंडल की जिम्मेदारी संभालेंगे।
रविकुमार एनजी को उद्योग विभाग की जिम्मेदारी
प्रशासनिक बदलाव के तहत रविकुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पद से हटा दिया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
डॉ. बलकार सिंह बने ग्रेटर नोएडा के नए सीईओ
वहीं, डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। शासन के इस फेरबदल से कई अहम प्रशासनिक पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती हुई है।