लखनऊ। बेसिक शिक्षा विभाग में 69 हजार शिक्षक भर्ती में 22 हजार पदों को जोड़ते हुए नियुक्ति की मांग पर अड़े अभ्यर्थियों ने पानी की टंकी पर चढ़कर बैठने का निर्णय कर लिया है। अभ्यर्थियों ने विभाग और सरकार को जहां चेतावनी दी है वहीं दूसरी ओर से इनकी निगरानी के लिए पीएसी, व स्थानीय पुलिस समेत 100 जवानों को मुस्तैद किया गया है। पिछले 60 घंटों से हाई वोल्टेज ड्रामा जारी है, अभ्यर्थियों को पुलिस अधिकारी मनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभ्यर्थी मानने का तैयार नहीं है। शुक्रवार को भी अभ्यर्थियों ने अपनी मांग को जायज बताते हुए पानी टंकी से नीचे उतरने के लिए इनकार कर दिया।
बेसिक शिक्षा के निशातगंज शिविर कार्यालय के पीछे कर्मचारी कालोनी में बनी पानी टंकी पर चढ़े अभ्यर्थी रात्रि भी टंकी पर ही बिता रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक सरकार हमारी मांग को नहीं मान लेती है, तब तक हम टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे, अगर पुलिस जबरदस्ती का प्रयास करती है तो हम नीचे कूद जायेंगे।
अभ्यर्थियों का ये है कहना
अभ्यर्थियों ने मांग करते हुए कहा कि न्यायालय ने 1 लाख 37 हजार पदों को दो भर्ती प्रक्रिया के तहत भरने का आदेश दिया था, ऐसे में खाली पड़े सभी पदों को भरा जाना चाहिए। इसके साथ ही 69 हजार भर्ती के तहत 22 हजार पदों को भी शामिल किया जाना चाहिए। इनमें 22 हजार खाली पदों के अलावा भी तमाम पद ऐसे हैं जिन पर सरकार भर्ती कर सकती है। इसके अलावा बहुत से बीएड अभ्यर्थी के पास यह अंतिम मौका था, क्योंकि उम्र के कारण बीएड के लिए 2011 के बाद कोई भर्ती प्राइमरी में नहीं आई।
लगातार आक्रोशित हो रहे अभ्यर्थी
काफी संख्या में अभ्यर्थी पानी की टंकी के नीचे भी प्रदर्शन कर रहे हैं, अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार हमें इस तरह से कैसे अनदेखा कर रही है। अभ्यर्थियों ने कहा कि बहुत से हम लोग पिछले 15 वर्ष से संघर्ष कर रहे हैं बावजूद उसके सरकार अपनी जिद्द पर अड़ी है। अभ्यर्थियों ने कहा सरकार को हमारी मजबूरी समझते हुए नियुक्ति पत्र देना चाहिए।
लल्लू ने अभ्यर्थियों से की मुलाकात
बेसिक शिक्षा निदेशालय के शिविर कार्यालय स्थित पानी टंकी पर बैठे अभ्यर्थियों से मुलाकात करने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी शुक्रवार को पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों का हालचाल जाना और युवाओं से मिलकर उनकी लड़ाई को लड़ने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अहंकार में डूबी भाजपा उनकी बात सुनने की बजाय धमकी दे रही है।