यूपी सरकार ने जारी किए आदेश, अब इतने दिन रहेगा लॉकडाउन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना को लेकर यूपी सरकार ने बड़ा फैसला किया है। सरकार ने यूपी में ‘मिनी लॉकडाउन’ फार्मूला का ऐलान किया है। कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए ‘मिनी लॉकडाउन’ किया जाएगा। यूपी में अब हर हफ्ते वीकेंड लॉकडाउन लगेगा। हफ्ते में दो दिन शनिवार और रविवार सभी बाजार बंद रहेंगे। …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना को लेकर यूपी सरकार ने बड़ा फैसला किया है। सरकार ने यूपी में ‘मिनी लॉकडाउन’ फार्मूला का ऐलान किया है। कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए ‘मिनी लॉकडाउन’ किया जाएगा। यूपी में अब हर हफ्ते वीकेंड लॉकडाउन लगेगा। हफ्ते में दो दिन शनिवार और रविवार सभी बाजार बंद रहेंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस की चेन को तोड़ने के लिये राज्य में बाजारों को सोमवार से शुक्रवार तक खोलने तथा प्रतिबंधों को फिर से प्रत्येक शनिवार और रविवार को लागू करने का निर्णय लिया है। मिनी लॉकडाउन के तहत प्रदेश में अब सिर्फ पांच दिन कार्यालय तथा बाजार खुलेंगे। बाजार सोमवार से शुक्रवार तक खुलेंगे। प्रतिबंध शुक्रवार रात से शुरू होगा और हर सप्ताह सोमवार की सुबह समाप्त होगा।

प्रदेश सरकार ने राज्य में शुक्रवार रात दस बजे से 55 घंटे का लाॅकडाउन लागू किया है। इसके तहत आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अब सब बंद हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने सरकारी आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा की।

उन्हाेंने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिये अब सभी बाजार सोमवार से शुक्रवार तक खुलेंगे तथा शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बन्दी रहेगी। साप्ताहिक बन्दी के दौरान सभी बाजारों की स्वच्छता एवं सेनिटाइजेशन के लिए विशेष कार्यक्रम चलेगा।

सीएम योगी ने कहा कि औद्योगिक इकाइयां भी शनिवार व रविवार को अपने यहां सेनिटाइजेशन का कार्य करें। सभी कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। यह भी देखा जाए कि अस्पताल में 48 घण्टे के लिए ऑक्सीजन का बैकअप मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्य जैसे एक्सप्रेस-वे, डैम, बाढ़ के दृष्टिगत तटबन्धों की मरम्मत के कार्य सोशल डिस्टेंसिंग के साथ निरन्तर किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बारिश के कारण कहीं भी जल भराव की स्थिति न बने। कोविड-19 के बचाव के सम्बन्ध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। लोगों को जागरूक किया जाए कि वे मास्क को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा समय-समय पर साबुन से हाथ धोते रहें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से रोकथाम के लिए पूरे प्रदेश में घर-घर पहुंचकर सर्वे का कार्य किया जा रहा है। इससे जहां एक तरफ लोग कोरोना के सम्बन्ध में जागरूक हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इससे संक्रमित लोगों को उपचार भी मिल रहा है।

उन्होंने टिड्डी दल पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रसायन का छिड़काव किए जाने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाकर 50 हजार टेस्टिंग प्रतिदिन किया जाय। उन्होंने गोरखपुर के मण्डलायुक्त को अपने मण्डल के सभी जिलों में कोविड-19 से रोकथाम व संचारी रोगों के दृष्टिगत चलाए जा रहे अभियानों की प्रभावी माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बिना लक्षण वाले मरीजों को कोविड-19 के एल-1 अस्पतालों में भर्ती कराया जाए।

उन्होंने कानपुर नगर, देवरिया, कुशीनगर, बलिया व वाराणसी में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम व वाॅर्ड स्तर पर पल्स ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराए गए हैं। इनका सदुपयोग कोरोना से निपटने में किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को सभी सीएमओ से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).