69000 शिक्षक भर्ती: बेसिक शिक्षा निदेशालय पर अभ्यर्थियों ने किया प्रदर्शन, महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा से की मुलाकात

लखनऊ, अमृत विचार। 69000 शिक्षक भर्ती में नियुक्ति की मांग को लेकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी शनिवार को बेसिक शिक्षा निदेशालय के सामने पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को पुलिस प्रशासन ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा से मुलाक़ात कराई, इसके बाद अभ्यर्थियों को इको गार्डन धरना स्थल भेज दिया गया।

अमरेंद्र पटेल के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने महानिदेशक को अपनी मांग संबंधित ज्ञापन सौंपा और सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई के संबंध में अवगत कराया। ज्ञापन लेने के बाद महानिदेशक स्कूली शिक्षा कंचन वर्मा ने कहा कि आने वाली 11 फरवरी को मामले की जल्द सुनवाई कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट से निवेदन करेंगे।

आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अमरेंद्र पटेल ने कहा कि वह पिछले चार साल से दर-दर की ठोकर खा रहे हैं जबकि सभी न्यायिक स्तर से उन्हें जीत मिली है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित कमेटी की जांच रिपोर्ट और हाई कोर्ट का ऑर्डर, सभी हमारे पक्ष में हैं। लेकिन फिर भी हमारे साथ अन्याय किया जा रहा है और हमें हमारे पदों पर नियुक्ति नहीं दी जा रही है।

अमरेंद्र पटेल का कहना है कि 69000 शिक्षक भर्ती मामले में आरक्षण नियमों का पालन नहीं किया गया था। यह मामला हाई कोर्ट में गया। इस पर लखनऊ हाई कोर्ट की डबल बेंच ने फैसला सुनाया और सरकार को तीन महीने के अंदर फैसले का पालन किए जाने का आदेश दिया। लेकिन सरकार की लापरवाही की वजह से अभी तक फैसले का पालन नहीं हो सका और यह मामला सुप्रीम कोर्ट में चला गया। सुप्रीम कोर्ट में भी सरकार अपना पक्ष रखने में देरी कर रही है, जिसकी वजह से मामला लटकता चला जा रहा है।

अमरेंद्र पटेल ने कहा कि आंदोलन के माध्यम से हम सरकार से यही मांग कर रहे हैं कि वह सुप्रीम कोर्ट में जल्द से जल्द सुनवाई कराए और मामले को निस्तारित करें, जिससे हम सभी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल सके।

यह भी पढ़ें:-Video: महाकुंभ पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री ने दिया बड़ा बयान, कहा- हम हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).