अमेठी में लुटेरी गैंग का खुलासा : जौनपुर- सुल्तानपुर और आजमगढ़ की तीन महिलाएं गिरफ्तार, 4 लॉकेट, कंगन व चाकू बरामद

अमेठी में मोहनगंज पुलिस ने लूट के मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चार लॉकेट, कंगन, मोतियों की माला और चाकू बरामद हुआ।

अमेठी, अमृत विचार। अमेठी पुलिस ने लूट के मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाएं कथा और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को निशाना बनाकर वारदात करती थीं। उनके कब्जे से पीली धातु के चार लॉकेट, मोतियों की माला, एक कंगन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ है। गिरफ्तार महिलाएं जौनपुर, सुल्तानपुर और आजमगढ़ की रहने वाली हैं।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने सोमवार को बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को मोहनगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान मोनिका पत्नी विकास रैदास निवासी लतीफपुर, थाना शाहगंज, जौनपुर; सविता पत्नी रविन्दर निवासी कोइरीपुर, थाना चांदा, सुल्तानपुर और रीना उर्फ लालमती पत्नी प्रकाश निवासी काखभार, थाना बिलरियागंज, आजमगढ़ के रूप में हुई है।

चाकू दिखाकर महिला से लूटा था लॉकेट

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सविता के कब्जे से मिले बैग में पीली धातु के चार लॉकेट, मोतियों की माला, एक कंगन और चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में तीनों महिलाओं ने कथित तौर पर बताया कि वे मिलकर कथा और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लूट की वारदात करती थीं। बरामद लॉकेट और माला में से एक लॉकेट 10 अक्टूबर को चौराबाग के पास अकेले जा रही महिला से चाकू दिखाकर लूटने की बात सामने आई है।

मुकदमे में बढ़ाई गईं धाराएं

पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की है। मोहनगंज पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

मोनिका के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं में शामिल मोनिका पहले भी आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रही है। अयोध्या के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें:-जीते तो पुरुषार्थ, हारे तो EVM दोषी... इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन पर भड़के CM योगी, कहा- देश में अराजकता फैलना कांग्रेस की नीति

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।