Chhath Mahaparv 2026 : लक्ष्मण मेला मैदान में छठ की धूम, छठी मैया की भक्ति में डूबे CM योगी, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, श्रद्धालुओं पर की पुष्प वर्षा

लक्ष्मण मेला मैदान में छठ महापर्व की धूम, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और महापौर भी रहे मौजूद; मालिनी अवस्थी ने छठी मैया के गीतों से बांधा समां

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लखनऊ के छठ घाट पहुंचे और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की। उन्होंने भोजपुरी में वीडियो संदेश जारी कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं और मातृशक्ति की तपस्या को नमन किया।

लखनऊ, अमृत विचार। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर छठी मैया के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाओं और पुरुषों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने छठी मैया के पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए। उनके साथ 100 से अधिक कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए माहौल को भक्तिमय बना दिया।

https://twitter.com/AHindinews/status/2121915931836452972/video/1

भोजपुरी में दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं

छठ घाट पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर प्रदेशवासियों को भोजपुरी में छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ''छठ महापर्व में शामिल सभी भाई-बहिन लोगन के इस पावन पर्व के बहुत-बहुत बधाई और मंगलकामना। हम छठी मैया और भगवान सूर्य देव से प्रार्थना करतानी कि रउआ सभी पर उनकर कृपा बनल रहे और आप सभी के मनोरथ पूरा हो।''

https://twitter.com/myogiadityanath/status/2121913488566353928

मातृशक्ति की तपस्या को किया नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व की सबसे बड़ी ताकत हमारी माताएं और बहनें हैं। वे तीन-तीन दिन तक निर्जला व्रत रखकर परिवार, संतान और पूरे समाज के मंगल के लिए तपस्या करती हैं। यह हमारी संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। आज देश-दुनिया के हर कोने में छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं।

सांस्कृतिक विविधता ही यूपी की पहचान

सीएम योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में ऐसी व्यवस्था बनाई गई है, जहां हर व्यक्ति अपनी आस्था के साथ पर्व और त्योहार मना सकता है। उत्तर प्रदेश की पहचान किसी एक भाषा या क्षेत्र से नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विविधता और एकात्मता से है।

उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि हर माता और बहन का जीवन सुखमय हो, हर बेटी को सुरक्षा मिले और हर परिवार में खुशहाली आए। किसानों के खेत लहलहाते रहें, युवाओं को रोजगार मिले और उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुए। मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल, बिहार समेत देश-दुनिया में रहने वाले सभी परिवारों को छठ महापर्व की बधाई देते हुए जय छठी मैया और जय भगवान सूर्य देव का उद्घोष किया।

यह भी पढ़ें:-UP Elections 2027 : आगरा दलित सम्मेलन में गरजे अखिलेश, कहा- अंगद का पैर कहने वालों की जमीन खिसक जाएगी

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।