लखनऊ : मलिहाबाद में रहस्यमयी मौतों का कहर, तीन दिन में एक ही परिवार के 3 बच्चों ने तोड़ा दम, गांव में दहशत

दो पुत्र के बाद पुत्री ने भी तोड़ा दम परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका 

लखनऊ के मलिहाबाद स्थित खड़सरा गांव में तीन दिन के भीतर एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों (दो बेटे और एक बेटी) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मुंह व नाक से खून निकलने और एक ही समय पर मौत होने से गांव में दहशत है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

लखनऊ, अमृत विचार : मलिहाबाद थाना क्षेत्र के खड़सरा गांव में तीन दिन के भीतर एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। पहले दो बेटों और फिर तीसरे दिन बेटी की मौत हो गई। तीन बच्चों की मौत लगभग एक ही समय पर होने और मुंह व नाक से खून निकलने की बात सामने आने पर इलाके में दहशत है। बेटी की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि,परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।

ग्राम खड़सरा गांव निवासी आशीष ने बताया कि उनके दो बेटे और एक पुत्री थी। पुत्री लक्ष्मी व पुत्र कार्तिक गाँव के प्राथमिक स्कूल में कक्षा 2 वा 1 में पढ़ते थे। 9 तारीख को सबसे छोटे पुत्र दिव्यांश (3) को हल्का बुखार आया। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे उसकी मौत हो गई। दिव्यांश के अंतिम संस्कार के बाद परिवार के लोग घर लौटे तो दूसरे पुत्र कार्तिक (7) की तबीयत बिगड़ गई। अगले दिन 10 तारीख को दोपहर करीब दो बजे कार्तिक ने भी दम तोड़ दिया। दोनों बेटों के अंतिम संस्कार के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ उस समय फिर टूट पड़ा जब बड़ी पुत्री लक्ष्मी (10)की अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे दुबग्गा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए,जहां एक दिन तक उपचार चलने के बाद दोपहर करीब दो बजे उसकी भी मौत हो गई। लगातार तीन दिनों तक एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में कोहराम मच गया। तीनों बच्चों की मौत लगभग एक ही समय पर होने और मुंह व नाक से खून निकलने की बात सामने आने पर पिता आशीष ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को सूचना दी और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीएचसी अधीक्षक ने भेजी स्वास्थ विभाग की टीम

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक धनंजय कुशवाहा ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा चार सदस्यीय टीम गांव भेजी गई थी। परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी लेने पर किसी गंभीर बीमारी के स्पष्ट लक्षण सामने नहीं आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। इस संबंध में थाना प्रभारी सुरेंद्र भाटी ने बताया कि मौके का निरक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जानकारी होगी कि मृत्यु का क्या कारण रहा है।

रिपोर्ट : फहीम उल्लाह

यह भी पढ़ें : Retail Inflation Rate : भारत में खुदरा महंगाई दर 6 प्रतिशत के पार; प्याज, लहसुन और अदरक हुआ महंगा

About The Author: Virendra Pandey

वीरेंद्र कुमार पाण्डेय वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। वर्तमान में वह AmritVichar.com में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में स्नातकोत्तर तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की उपाधि प्राप्त की है।
पत्रकारिता और कानून, दोनों विषयों की गहरी समझ के कारण उनकी रिपोर्टिंग सटीक, तथ्यपरक और विश्वसनीय मानी जाती है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, अपराध, प्रशासन तथा न्यायालय से जुड़े गंभीर और महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक रिपोर्टिंग की है। AmritVichar.com से पहले वह स्वतंत्र भारत, 4पीएम और ईटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।