Lucknow News : चोरी का आरोप, फिर मानसिक प्रताड़ना... लखनऊ में युवक की मौत के मामले में दो महिलाएं गिरफ्तार

लखनऊ के ठाकुरगंज में देशराज की ट्रेन से कटकर मौत के मामले में दो महिलाएं गिरफ्तार, भाई ने पैसे और गहने चोरी का आरोप लगाकर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है...

लखनऊ में देशराज की ट्रेन से कटकर मौत के मामले में उसके भाई ने दो महिलाओं पर चोरी का आरोप लगाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सपना रावत और नेहा परवीन को आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में गिरफ्तार किया है।

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ में एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मृतक के परिजनों ने दोनों महिलाओं पर पैसे और गहने चोरी करने का आरोप लगाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि लगातार मिल रही मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भुहार ओवरब्रिज के नीचे ट्रेन के सामने आया युवक

मृतक की पहचान देशराज के रूप में हुई है। घटना आठ नवंबर की रात की है। बताया गया कि देशराज भुहार ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और चलती ट्रेन के सामने आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। हालांकि, अगले दिन मृतक के भाई की ओर से दी गई शिकायत के बाद मामले में नया मोड़ आ गया।

पैसे और गहने चोरी करने का लगाया था आरोप

देशराज के भाई छेदीलाल ने नौ नवंबर को ठाकुरगंज थाने में लिखित शिकायत देकर सपना रावत और नेहा परवीन नाम की दो महिलाओं पर गंभीर आरोप लगाए। शिकायत के मुताबिक, सात नवंबर को दोनों महिलाओं ने देशराज पर पैसे और गहने चोरी करने का आरोप लगाया था। इसके बाद से वे उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रही थीं।

छेदीलाल का आरोप है कि दोनों महिलाओं की ओर से लगाए जा रहे आरोपों और मानसिक प्रताड़ना के कारण देशराज तनाव में रहने लगा था। परिवार का दावा है कि इसी परेशानी के चलते उसने आठ नवंबर की रात ट्रेन के सामने आकर जान दे दी।

आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा, दोनों गिरफ्तार

मृतक के भाई की शिकायत मिलने के बाद ठाकुरगंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सपना रावत और नेहा परवीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद 10 नवंबर को दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब इस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि देशराज पर चोरी के आरोप लगाने के पीछे क्या वजह थी और उसकी मौत से पहले दोनों महिलाओं की क्या भूमिका रही। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें:- Bareilly News : जेल से निकली और ऑडियो बम फोड़कर लापता हो गई कल्पना, रेखा आर्या-पप्पू गिरधारी विवाद में नया मोड़

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।