यूपी चुनाव 2027 : ओवैसी-चंद्रशेखर का नया सियासी दांव! 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' का ऐलान, आजाद होंगे सीएम फेस

AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने मिलाया हाथ, असदुद्दीन ओवैसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में की घोषणा। यूपी में तीसरे मोर्चे के गठन से प्रदेश की सियासत में नए समीकरण बनने की चर्चा।

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का ऐलान किया। चंद्रशेखर आजाद होंगे मुख्यमंत्री पद का चेहरा।

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक नए राजनीतिक गठबंधन का औपचारिक ऐलान हो गया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया है। बृहस्पतिवार को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने इसकी घोषणा की। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी घोषित किया।

दोनों नेताओं ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। ओवैसी ने कहा कि गठबंधन का उद्देश्य भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकना और प्रदेश में राजनीतिक बदलाव लाना है। उन्होंने बताया कि मोर्चे की प्राथमिकताओं में शिक्षा, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दे शामिल होंगे।

यह तीसरा नहीं, सामाजिक परिवर्तन का पहला मोर्चा

चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन को तीसरा मोर्चा कहे जाने पर कहा कि यह सामाजिक परिवर्तन का पहला मोर्चा है। उन्होंने कहा कि कमजोर, वंचित, शोषित और पीड़ित वर्गों के जुड़ने से यह और मजबूत होगा। मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा।

आजाद ने कहा कि लंबे समय से राजनीतिक दल वंचित समाज को मुख्यधारा में लाने, गरीबी दूर करने और अत्याचार खत्म करने के वादे करते रहे हैं, लेकिन इनका अपेक्षित लाभ नहीं मिला। उनके मुताबिक, दलित बस्तियों में आज भी सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है। पढ़े-लिखे युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को मुकदमों तथा सरकारी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है।

अखिलेश और कांग्रेस को भी साथ आने का दिया न्योता

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए यदि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इस गठबंधन में शामिल होना चाहेंगी तो मोर्चा उनका साथ देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने राजनीतिक सत्ता को समस्याओं के समाधान की कुंजी बताया था। लोकतंत्र में जिन वर्गों का अपना राजनीतिक दल नहीं होता, उनकी आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठ पाती।

आजाद ने कहा कि वंचित समाज अब अपने मताधिकार की ताकत से राजनीतिक शक्ति हासिल करेगा और अपने फैसले खुद लेने की स्थिति में आएगा। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके करीब साढ़े नौ साल के कार्यकाल में वंचित समाज को पर्याप्त सुरक्षा और न्याय नहीं मिला।

26 नवंबर की जनसभा में शामिल होने की अपील

ओवैसी ने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर सहमति बन चुकी है और इसे सफल बनाने के लिए मिलकर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने 26 नवंबर को प्रस्तावित जनसभा में प्रदेश की जनता से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

यह गठबंधन ऐसे समय सामने आया है, जब ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को विपक्षी गठबंधन में एआईएमआईएम को शामिल करने का प्रस्ताव दिया था। दोनों दलों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद ओवैसी ने उन्हें फैसला लेने के लिए दो अक्टूबर तक का समय दिया था। अब एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के साथ आने से उत्तर प्रदेश की 2027 की चुनावी राजनीति में एक नया गठबंधन सामने आया है। मोर्चे ने दलित, मुस्लिम और अन्य वंचित वर्गों के मुद्दों को अपनी राजनीति का प्रमुख आधार बताया है।

यह भी पढ़ें:-यूपी चुनाव 2027 : लखनऊ में आज बनेगा नया सियासी गठबंधन? ओवैसी-चंद्रशेखर की प्रेसवार्ता पर सबकी नजर, सपा-कांग्रेस ने साधा निशाना

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।