बकाया हाउस टैक्स और पानी के बिल पर राहत : OTS योजना की अवधि 1 महीने बढ़ी, जानिए कब तक करना होगा आवेदन

भवन स्वामियों और करदाताओं को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की समयसीमा एक माह के लिए बढ़ा दी है।

यूपी में ओटीएस योजना की अवधि एक महीने बढ़ा दी गई है। अब भवन स्वामी 14 दिसंबर 2026 तक गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकाये पर ब्याज व सरचार्ज में छूट पाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। बकाया राशि जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2027 तय की गई है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में रहने वाले भवन स्वामियों और करदाताओं को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की समयसीमा एक माह के लिए बढ़ा दी है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकायेदार अब 14 दिसंबर 2026 तक ओटीएस योजना के तहत आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही, बकाया करों के निस्तारण हेतु निर्धारित धनराशि जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 जनवरी 2027 कर दी गई है।

ब्याज और सरचार्ज में मिलेगी छूट

मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य नागरिकों को बकाया करों के बोझ से मुक्त कर आर्थिक राहत प्रदान करना है। योजना के प्रति करदाताओं के बढ़ते रुझान को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि जो लोग पूर्व निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं कर पाए थे, उन्हें एक और अवसर मिल सके। योजना के तहत नगर निगमों के गृहकर के साथ ही जलकल विभाग के बकाया जलकर, सीवरकर और जलमूल्य के मामलों में भी राहत दी जा रही है। इसके अंतर्गत 1 अप्रैल 2026 तक के लंबित बकाये का निस्तारण करने पर नियमानुसार ब्याज और सरचार्ज में छूट प्रदान की जाएगी।

ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा

नगर विकास मंत्री ने बताया कि करदाताओं को कार्यालयों की भागदौड़ से बचाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। नागरिक संबंधित पोर्टल पर अपने नगर निगम का चयन कर मोबाइल नंबर व ओटीपी के जरिए लॉगिन करके अपनी संपत्ति का विवरण भर सकते हैं। उन्होंने सभी नगर निगमों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बढ़ाई गई समयसीमा का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा प्राप्त आवेदनों का पारदर्शी व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

ये भी पढ़ें :
Dairy Business : यूपी में 4 लाख महिलाएं संभाल रहीं दूध का कारोबार, रोजाना 13 लाख लीटर दूध का संग्रह

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.