Dairy Business : यूपी में 4 लाख महिलाएं संभाल रहीं दूध का कारोबार, रोजाना 13 लाख लीटर दूध का संग्रह
76 हजार से अधिक बनीं लखपति दीदी, फैट जांच से भुगतान तक ऑनलाइन
उत्तर प्रदेश के गांवों में महिलाएं अब दूध का कारोबार संभालकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। योगी सरकार के ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। प्रदेश के 31 जिलों में रोजाना 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस पहल से 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। डिजिटल व्यवस्था से दूध की जांच और भुगतान का रिकॉर्ड ऑनलाइन हो रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई है और महिलाओं की आमदनी बढ़ाने में मदद मिल रही है।
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के गांवों में महिलाएं अब सिर्फ पशुपालन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दुग्ध कारोबार की पूरी जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। योगी सरकार के ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत दे रही हैं। प्रदेश के 31 जिलों में महिला नेतृत्व वाले दुग्ध मॉडल के जरिए रोजाना 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह किया जा रहा है। इस मॉडल से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
दूध की जांच से भुगतान तक सब कुछ डिजिटल
महिलाओं के इस कारोबार को अब डिजिटल व्यवस्था का भी सहारा मिल रहा है। दूध की गुणवत्ता की जांच से लेकर भुगतान तक का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई है और महिलाओं को अपने कारोबार से होने वाली वास्तविक आमदनी की जानकारी मिल रही है।
गांव में ही मिल रहा बाजार, बढ़ रही आमदनी
महिला दुग्ध उत्पादक समूहों और कंपनियों से जुड़कर गांव में ही अपने दूध के लिए नियमित बाजार हासिल कर रही हैं। दूध संग्रह से लेकर भुगतान तक की डिजिटल प्रक्रिया ने उनका काम आसान बनाया है। अब उन्हें अपने रोजमर्रा के कारोबार के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। मिशन निदेशक अरुण कुमार के मुताबिक, ग्रामीण आजीविका मिशन के इस मॉडल से जुड़ी 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ गांवों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही है।
डिजिटल डेयरी मॉडल
4 लाख महिला दुग्ध उत्पादक
31 जिलों में महिला नेतृत्व वाला मॉडल
13 लाख लीटर रोजाना दूध संग्रह
76 हजार लखपति दीदी
