लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' को लेकर सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने इस गठबंधन पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि इससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फायदा पहुंच सकता है। सपा ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर ओवैसी की राजनीति को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
चंद्रशेखर को सीएम उम्मीदवार बनाने पर सपा का सवाल
सपा के प्रदेश प्रवक्ता फखरूल हसन ने 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत में कहा कि ओवैसी अपनी सभाओं में कहते रहे हैं कि अब्दुल यानी मुस्लिम अब केवल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि मुख्यमंत्री भी बनेगा। लेकिन गठबंधन में उन्होंने अपने सहयोगी चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया। हसन ने सवाल उठाया कि ओवैसी ने गठबंधन में किसी मुस्लिम नेता या हिजाब पहनने वाली मुस्लिम महिला को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार क्यों नहीं बनाया? उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी की कथनी और करनी में अंतर है।
'टूरिस्ट टाइप' दल बताकर ओवैसी पर कसा तंज
सपा प्रवक्ता ने ओवैसी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हर चुनाव में कुछ ऐसे दल भी आते हैं, जिन्हें उन्होंने 'टूरिस्ट टाइप' बताया। हसन के मुताबिक, ऐसे दल चुनाव में अपना काम करके चले जाते हैं। उन्होंने ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा कि 'हैदराबादी अब्दुल' की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है।
भाजपा को हराने के लिए सपा और कांग्रेस के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में शामिल होने की चंद्रशेखर आजाद की पेशकश पर भी हसन ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि क्या कोई इन लोगों का नेतृत्व स्वीकार करेगा और क्या उनकी ऐसी हैसियत है?
कांग्रेस में आए आसिम वकार ने भी गठबंधन पर उठाए सवाल
वहीं, एआईएमआईएम छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए आसिम वकार ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास ऐसे कई नेता हैं, जो जरूरत पड़ने पर उसके इशारे पर चुनावी मैदान में उतरते हैं और पर्दे के पीछे से उसके लिए काम करते हैं। वकार ने उत्तर प्रदेश के लोगों, खासकर मुस्लिम समुदाय से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि लोग भाजपा के छलावे में आकर अनजाने में उसे फिर से सत्ता में पहुंचा दें।
आसिम वकार का अमित शाह पर गंभीर आरोप
आसिम वकार ने गठबंधन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इस गठबंधन की पूरी लगाम पर्दे के पीछे अमित शाह के हाथों में है। वकार ने कहा कि अमित शाह जैसे लगाम खींचेंगे, गठबंधन वैसे ही काम करेगा।
गौरतलब है कि एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने बृहस्पतिवार को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के गठन का औपचारिक ऐलान किया है। दोनों दलों ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिलकर उतरने की घोषणा की है। मोर्चे ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी घोषित किया है। गठबंधन के ऐलान के बाद प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें:-यूपी चुनाव 2027 : ओवैसी-चंद्रशेखर का नया सियासी दांव! 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' का ऐलान, आजाद होंगे सीएम फेस