मुरादाबाद : चेतावनी स्तर छूने को बेताब रामगंगा नदी, जिला प्रशासन सतर्क

नदियों का बढ़ता जलस्तर तटीय लोगों की बढ़ा रहा चिंता, रामगंगा का जलस्तर 190.13 मीटर, जबकि गागन नदी का जलस्तर 189.25 मीटर दर्ज किया गया

मुरादाबाद,अमृत विचार। नदियों का बढ़ता जलस्तर तटीय लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। मुरादाबाद में रामगंगा नदी चेतावनी स्तर छूने को बेताब है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को यही डर सता रहा है कि अगर बाढ़ आ गई, तो स्थिति बहुत खराब होगी। रोज ही नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मुरादाबाद कटघर में रामगंगा नदी का जलस्तर रविवार की सुबह 190.50 मीटर रहा, लेकिन शाम छह बजे 190.13 मीटर पर आ गया। जबकि गागन नदी का जलस्तर 189.25 मीटर दर्ज किया गया। रामगंगा का पानी तट तक पहुंच गया। लोग उस पार जाने के लिए नाव का सहारा ले रहे हैं। प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।

पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश परेशानी का कारण बनती जा रही है। इससे नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को रामगंगा नदी का जल तट तक पहुंच गया और आसपास के खेतों में भी घुसा हुआ है। मुरादाबाद में रामगंगा नदी चेतावनी स्तर से सिर्फ 47 सेंटीमीटर दूर है। नदी किनारे वाले मोहल्ले के लोग भी सहमे हैं। रविवार की सुबह रामगंगा नदी का जलस्तर 190.50 मीटर तक पहुंच गया था, लेकिन शाम को 6 बजे नदी का पानी कम हुआ और जलस्तर 190.13 मीटर दर्ज किया गया। प्रशासन ने नदी के तटीय 105 गांवों के प्रधानों और लेखपालों को सतर्क कर दिया है।

जिला आपदा विशेषज्ञ पंकज मिश्र ने बताया कि रामगंगा और गागन नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, लेकिन अभी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। प्रशासन सतर्क है। लोगों को सलाह दी गई है कि नदी किनारे न जाएं और न ही पशुओं को जाने दें। ग्राम प्रधानों से भी कहा गया है कि पानी बढ़ने पर तुरंत इसकी जानकारी प्रशासन को दें। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में बाढ़ कंट्रोल रूम के नंबर 0591-2412728 और मोबाइल नंबर 9454416867 व टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दी जा सकती है।

जिला मुख्यालय के अलावा बाढ़ कंट्रोल रूम सक्रिय हैं। सदर तहसील में 0591-2971370, कांठ में 0591-2974411, बिलारी में 0591-270011 और ठाकुरद्वारा में 0591-2241231 पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कांठ तहसील के गांव दरियापुर में 10-15 पशु बीमार हो गए। जहां पर पशु चिकित्सकों की टीम भेजकर उपचार करवाया।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भड़ी, मंदिरों में गूंजे बम-बम भोले, हर-हर महादेव के जयकारे

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).