कुंडा/प्रतापगढ़। बाघराय थाना क्षेत्र के छेऊंगा गांव के पास हाईवे पर बुधवार दोपहर करीब एक बजे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। भीषण हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार पांच वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने डंपर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बाइक पर चार लोग सवार थे। इनमें 58 वर्षीय हैदर, उनकी 45 वर्षीय पत्नी रीता, 35 वर्षीय साले नोखेलाल और नोखेलाल का पांच वर्षीय बेटा शिवम शामिल था। सभी प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र के जलालपुर जा रहे थे।
इसी दौरान छेऊंगा गांव के पास हाईवे पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघराय पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने हैदर, उनकी पत्नी रीता और नोखेलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं पांच वर्षीय शिवम की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रवण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डंपर और उसके चालक को हिरासत में लेकर हादसे की जांच की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ेंः कानपुर में रफ्तार का कहर! बाइक सवार तीन दोस्तों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत