बेंती श्रीराम कथा : 16 नवंबर को चार ब्लॉक और 4 नगर पंचायतों से निकलेगी कलश यात्रा, बेटों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी

कलश यात्रा में राजा भैया के परिवार के सदस्य भी अहम जिम्मेदारी निभाएंगे। कालाकांकर ब्लॉक से निकलने वाली यात्रा का नेतृत्व राजा भैया के बड़े बेटे शिवराज प्रताप सिंह करेंगे।

प्रतापगढ़ के बेंती स्थित राजभवन में 17 नवंबर से होने वाली श्रीराम कथा से पहले 16 नवंबर को आठ स्थानों से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। राजा भैया के बेटे शिवराज और बृजराज समेत कई प्रमुख नेताओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी गई है। श्रद्धालुओं के लिए प्रतापगढ़ डिपो सात स्पेशल बसें भी चलाएगा।

कुंडा/प्रतापगढ़, अमृत विचार : बेंती के परेड ग्राउंड में 17 नवंबर से होने वाली श्रीराम कथा से एक दिन पूर्व 16 नवंबर को भव्य कलश यात्रा चार विकासखंडों कुंडा, बाबागंज, बिहार, कालाकांकर ब्लॉक और नगर पंचायत कुंडा, मानिकपुर, डेरवा और हीरागंज बाजार से निकाली जाएगी। कलश यात्रा का समापन कथा स्थल योगिराज देवरहा बाबा कथा मंडपम राजभवन बेंती में होगी। 

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रदेश अध्यक्ष व बाबागंज विधायक विनोद सरोज ने बताया कि कलश यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। कलश यात्राओं का नेतृत्व अलग-अलग जिम्मेदार लोगों को सौंपा गया है। कालाकांकर ब्लॉक की यात्रा का नेतृत्व राजा भैया के बड़े बेटे शिवराज प्रताप सिंह करेंगे।

बाबागंज ब्लॉक के कनावा गांव से निकलने वाली यात्रा की कमान उनके छोटे बेटे बृजराज प्रताप सिंह संभालेंगे। कुंडा ब्लॉक में डीहा गांव स्थित संत राज महाविद्यालय से जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव डॉ. केएन ओझा नेतृत्व करेंगे। बिहार ब्लॉक में एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपाल बिहार मुख्यालय से निकलने वाली यात्रा का नेतृत्व करेंगे।

 कुंडा नगर पंचायत में रोडवेज बस अड्डे से निकलने वाली यात्रा का नेतृत्व चेयरमैन प्रतिनिधि शिव कुमार तिवारी करेंगे। डेरवा में चेयरमैन कुंवर बहादुर पटेल नेतृत्व करेंगे। मानिकपुर और हीरागंज नगर पंचायतों में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता यात्रा की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कथा स्थल तक चलेंगी रोडवेज की सात स्पेशल बसें

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने भी विशेष तैयारी की है। प्रतापगढ़ डिपो से 17 से 20 नवंबर तक कथा स्थल के लिए सात स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा। प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय के अलावा पट्टी, रानीगंज और लालगंज तहसील क्षेत्र के श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा। बसें सुबह आठ से दस बजे के बीच तथा दोपहर 12 बजे, दो और तीन बजे प्रतापगढ़ से कुंडा के लिए रवाना होंगी।

कथा समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं को वापस लाया जाएगा। भीड़ बढ़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। एआरएम सत्य प्रकाश ने बताया कि जाम की स्थिति को देखते हुए चालक और परिचालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

इनपुट : रवि प्रकाश सिंह चंदन/संदीप साहू

यह भी पढ़ें:-कुंडा में सजेगा बागेश्वर धाम सरकार का दिव्य दरबार: 200 बीघा क्षेत्रफल में बसाई जा रही भव्य धर्मनगरी, 17 नवंबर से गूंजेगी श्रीराम कथा

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।