Chhath Mahaparv : हरदोई रेलवे स्टेशन परिसर में पहली बार गूंजे छठी मैया के गीत, कर्मचारी ने बनवाया अस्थायी तालाब

हरदोई रेलवे स्टेशन पर पहली बार हुआ छठ पूजा का आयोजन, परिसर में तैयार कराया अस्थायी तालाब; रेल कर्मचारियों के परिवारों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

हरदोई रेलवे स्टेशन पर पहली बार छठ पूजा का आयोजन किया गया। नैमिषारण्य धाम नहीं जा सके रेल कर्मचारी अजय पांडे ने स्टेशन परिसर में अस्थायी तालाब तैयार कराया। उनकी पहल पर अन्य रेल कर्मचारियों के परिवारों ने भी पूजा में हिस्सा लिया।

हरदोई, अमृत विचार। आस्था हो तो रास्ते खुद बन जाते हैं। हरदोई रेलवे स्टेशन पर इस बार कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से नैमिषारण्य धाम नहीं पहुंच सके रेल कर्मचारी अजय पांडे ने स्टेशन परिसर में ही छठ पूजा की व्यवस्था कर दी।

उनकी पहल पर यहां पहली बार छठ महापर्व का आयोजन किया गया। परिसर में अस्थायी तालाब तैयार कराया गया, जहां महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठ के पारंपरिक गीतों से स्टेशन परिसर गूंजता रहा।

स्टेशन परिसर में तैयार कराया अस्थायी तालाब

बनारस जनपद के रहने वाले रेल कर्मचारी अजय पांडे ने छठ पूजा के लिए हरदोई रेलवे स्टेशन परिसर में अस्थायी तालाब तैयार कराया। यहां महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की। आयोजन दो दिनों तक चलेगा। मंडल से मिले निर्देशों के क्रम में लाउडस्पीकर के माध्यम से छठ के पारंपरिक गीत भी प्रसारित किए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य कारणों से नहीं जा सके नैमिषारण्य

अजय पांडे ने बताया कि वह हर साल छठ पूजा के लिए नैमिषारण्य धाम जाते थे, लेकिन इस बार स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों के चलते वहां जाना संभव नहीं हो सका। ऐसे में उन्होंने हरदोई रेलवे स्टेशन पर ही छठी मैया की आराधना करने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने अपने स्तर से इंतजाम किए और पूजा की तैयारियां पूरी कराईं।

दूसरे रेल कर्मचारियों के परिवार भी हुए शामिल

स्टेशन परिसर में पहली बार छठ पूजा के आयोजन की जानकारी मिलने पर आसपास रहने वाले अन्य रेल कर्मचारियों के परिवार भी वहां पहुंचे। महिलाओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा में हिस्सा लिया। देखते ही देखते स्टेशन परिसर में धार्मिक माहौल बन गया।

पारिवारिक परंपरा से जुड़ी है छठ पूजा

अजय पांडे ने बताया कि पूर्वांचल और बिहार में छठ पर्व का विशेष धार्मिक महत्व है। छठी मैया के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। मान्यता है कि सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूरी होती है। उन्होंने अपनी पारिवारिक परंपरा का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी तीन पुत्रियां थीं। पुत्र की कामना को लेकर परिवार ने छठ व्रत रखा था। इसके बाद उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। इसी आस्था के चलते उनके परिवार में छठ पूजा का विशेष स्थान है।

यह भी पढ़ें:-Chhath Mahaparv 2026 : लक्ष्मण मेला मैदान में छठ की धूम, छठी मैया की भक्ति में डूबे CM योगी, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, श्रद्धालुओं पर की पुष्प वर्षा

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।