संग्रामगढ़ मेले में दुकानदारों से अवैध वसूली : सांसद प्रमोद तिवारी ने खोला मोर्चा; प्रतापगढ़ में दो सिपाही लाइन हाजिर

सांसद प्रमोद तिवारी ने एसपी को लिखे पत्र में बताया कि संग्रामगढ़ बाजार में पिछले 60 से 70 वर्षो से पारंपरिक मेला लगता आ रहा है।

प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ मेले में दुकानदारों से 500 से 11 हजार रुपये तक अवैध वसूली का आरोप लगा है। राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और विधायक आराधना मिश्रा मोना ने एसपी से कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद दो आरोपी सिपाही लाइन हाजिर, सीओ लालगंज को सौंपी गई जांच।

प्रतापगढ़, अमृत विचार। प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ बाजार में लगने वाले पारंपरिक मेले में दुकानदारों से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। आरोप है कि मेले में दुकान लगाने पहुंचे व्यापारियों से पुलिस के दो सिपाहियों ने 500 रुपये से लेकर 11 हजार रुपये तक वसूले। मामला सामने आने के बाद राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर को पत्र लिखकर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पत्र पर रामपुरखास की कांग्रेस विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के भी हस्ताक्षर हैं।

सांसद प्रमोद तिवारी ने एसपी को लिखे पत्र में बताया कि संग्रामगढ़ बाजार में पिछले 60 से 70 वर्षो से पारंपरिक मेला लगता आ रहा है। इस मेले में दूर-दराज से व्यापारी पहुंचकर अपनी दुकानें लगाते हैं। उनका आरोप है कि अब तक दुकानदारों से इस तरह की कोई वसूली नहीं की जाती थी, लेकिन इस बार थाने में तैनात आरक्षी चालक अमित सिंह और आरक्षी विवेक मिश्रा ने कथित तौर पर दुकानदारों से जबरन पैसे वसूले।

तीन दिनों तक चलती रही कथित वसूली

सांसद के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मियों ने लगातार तीन दिनों तक मेले में खुलेआम दुकानदारों से 500 रुपये से लेकर 11 हजार रुपये तक की वसूली की। उन्होंने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि इस तरह की हरकतों से पुलिस विभाग की छवि खराब होती है और व्यापारियों में भय का माहौल बनता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दोनों पुलिसकर्मियों पर इससे पहले हथिगवां थाने में तैनाती के दौरान भी इसी तरह की वसूली के आरोप लग चुके हैं।

एसपी की कार्रवाई, दोनों सिपाही लाइन हाजिर

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरोपी सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी लालगंज को सौंपी गई है। इसके साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें :
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर मिलीं दो नाबालिग : घर से नाराज होकर बिना बताए निकली थीं दोनों बहनें, GRP ने अभियान मुस्कान के तहत दोनों को किया बरामद

 

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.