प्रतापगढ़, अमृत विचार। कुंडा के बेंती परेड ग्राउंड में 17 नवंबर से बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है। कथा के शुभारंभ से पहले सोमवार को जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने देश के विभाजन और हिंदू राष्ट्र के मुद्दे पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत का बंटवारा धर्म के आधार पर हुआ था और अलग राष्ट्र की मांग मुस्लिम लीग तथा मोहम्मद अली जिन्ना ने उठाई थी।
मीडिया से बातचीत में राजा भैया ने कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र इतना व्यापक और विस्तृत है कि उसका पूरा वर्णन कर पाना संभव नहीं है। रामकथा का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को प्रभु श्रीराम के विराट व्यक्तित्व से परिचित कराना और उन्हें सद्बुद्धि, धर्म तथा अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से इस कथा का आयोजन किया जा रहा है।
'हिंदुओं ने कभी अलग रहने की बात नहीं कही'
हिंदू राष्ट्र और देश के विभाजन से जुड़े सवाल पर राजा भैया ने कहा कि भारत का विभाजन धर्म के आधार पर हुआ था। उनके मुताबिक, हिंदुओं ने कभी यह नहीं कहा कि वे मुसलमानों के साथ नहीं रह सकते। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम लीग और जिन्ना ने इस्लामिक राष्ट्र की मांग करते हुए कहा था कि वे हिंदुओं के साथ नहीं रह सकते। इसी मांग के चलते पूर्वी और पश्चिमी पाकिस्तान अस्तित्व में आए। राजा भैया ने कहा कि इस ऐतिहासिक तथ्य से सभी लोग परिचित हैं और इससे सहमत भी होंगे।
राजनीतिक बयान से पीछे हटने के सवाल पर कही यह बात
राजनीतिक बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर राजा भैया ने कहा कि जो कुछ उन्हें कहना था, वह कह चुके हैं और अपनी बात से पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि, श्रीराम कथा और सनातन धर्म से जुड़े वक्ताओं के संबंध में उन्होंने किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार किया। कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान कथा को सफल बनाने पर है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में सनातन धर्म के अनुयायी शामिल होंगे। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा सुनाएंगे, जबकि कई अन्य सनातन धर्म के वक्ता भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। ये वक्ता हिंदुओं और हिंदुत्व को दिशा देने के साथ मौजूदा परिस्थितियों पर अपनी बात रखेंगे। राजा भैया ने कहा कि कथा के लिए सभी सनातनियों, हिंदुओं और आस्थावान लोगों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से भी लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
इनपुट : रवि प्रकाश सिंह चंदन