रुद्रपुर, अमृत विचार। सीसीटीवी कैमरा लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। रंजिश इस कदर बढ़ी कि हमलावरों ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में घुसकर एक युवक की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी। हमले में मृतक का छोटा भाई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में अचानक हुए इस हमले से अफरातफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
दुकान के विवाद ने लिया खूनी रूप
जगतपुरा निवासी 36 वर्षीय नीतेश जौहरी की राज टेलीकॉम के नाम से दुकान है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर नीतेश और पड़ोस में स्थित प्रजापति टेलीकॉम के स्वामी अमन प्रजापति के बीच विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 10:15 बजे दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अमन ने दुकान के कर्मचारी कशिश रहेजा के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया।
घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे तो इमरजेंसी में बोल दिया हमला
कशिश को लहूलुहान देखकर नीतेश जौहरी, उसका छोटा भाई दिनेश और कर्मचारी कमलेश उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वे इमरजेंसी के मुख्य गेट पर पहुंचे ही थे कि आरोप है कि अमन अपने 10-12 साथियों के साथ वहां आ धमका। हमलावरों ने इमरजेंसी कक्ष में घुसकर हमला बोल दिया। बीच-बचाव के दौरान नीतेश के सीने पर चाकू से कई वार किए गए। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमलावरों ने उसके भाई दिनेश और कमलेश को भी निशाना बनाया।
डॉक्टरों ने नीतेश को मृत घोषित किया
हमले के बाद अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। डॉक्टरों ने 36 वर्षीय नीतेश जौहरी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल कशिश रहेजा की गंभीर हालत देखते हुए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। दिनेश और कमलेश की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अस्पताल में पुलिस का पहरा, सीसीटीवी खंगाल रही टीम
वारदात की सूचना पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे अस्पताल परिसर में पुलिस तैनात कर दी गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसपी क्राइम प्रमोद कुमार ने बताया कि कुछ हमलावरों की पहचान हो चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरेआम वारदात को अंजाम देने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें :
क्रॉप कटिंग में धान की उपज 50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंकी गई, जिलाधिकारी ने चचेंडी में किया निरीक्षण, उत्पादन का लिया जायजा