देहरादून, अमृत विचार। जब देशभर में लोग अपने परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां मना रहे हैं, तब सीमाओं पर तैनात जवान देश की सुरक्षा में मुस्तैद रहते हैं। उनके इसी त्याग और समर्पण को नमन करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित गढ़वाल ग्रीन्स प्रशिक्षण मैदान में वीर जवानों के साथ दीपावली मनाई। दीपावली मिलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जवानों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई और त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों से आत्मीयता के साथ संवाद किया और देश की रक्षा में उनके साहस, शौर्य तथा समर्पण के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि गढ़वाल रेजीमेंट के वीर जवानों के बीच आकर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे वह अपने परिवार के साथ दीपावली मना रहे हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देशवासी अपने घरों में त्योहार की खुशियां मनाते हैं, तब हमारे वीर जवान सीमाओं पर डटे रहकर उनकी सुरक्षा का दायित्व निभाते हैं। हमारे घरों में जलने वाले दीपों के पीछे सैनिकों का त्याग और उनके परिवारों का समर्पण भी शामिल है।
पिता से मिले देशसेवा और अनुशासन के संस्कार
मुख्यमंत्री धामी ने अपने सैनिक परिवार से जुड़ी स्मृतियां भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने सेना में रहते हुए उन्हें देशसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के संस्कार दिए। ये संस्कार आज भी उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उनके पिता अक्सर गढ़वाल रेजीमेंट के वीर सैनिकों और वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में नूरानांग मोर्चे पर अदम्य साहस दिखाने वाले महावीर चक्र विजेता अमर शहीद जसवंत सिंह रावत की वीरता की कहानियां सुनाया करते थे।
सैनिकों और उनके परिवारों का कल्याण प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य शक्ति और सामरिक क्षमता लगातार मजबूत हो रही है। उत्तराखंड सरकार भी सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि शहीद सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करने की समय-सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून में निर्माणाधीन सैन्यधाम का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। यह सैन्यधाम देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान का प्रतीक बनेगा। कार्यक्रम में गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, उत्तराखंड सब एरिया के डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर आर.एस. थापा सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें :
Diwali 2026: कब करें मां लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा? जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और दीपावली का महत्व