बदरीनाथ। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में सोमवार 16 नवंबर को श्रद्धालु इस यात्रा सीजन के आखिरी दर्शन कर सकेंगे। भगवान बदरीविशाल के कपाट आज रात 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो जाएगा। कपाट बंद होने के अंतिम दिन सुबह से ही मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का दौर जारी है। भगवान बदरीविशाल का विशेष अभिषेक किया गया और भव्य पुष्प श्रृंगार किया गया। दिनभर श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन कर सकेंगे। वहीं, मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कपाट बंद करने की तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान कराएंगे रावल
बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने की परंपरा बेहद खास और आकर्षक होती है। सोमवार शाम मंदिर के मुख्य पुजारी (रावल) माता लक्ष्मी मंदिर में विशेष कढ़ाई भोग पूजा संपन्न करेंगे। इसके बाद रावल स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराएंगे। इस धार्मिक प्रक्रिया के बाद उद्धव जी, कुबेर जी और गरुड़ जी की देव डोलियों को गर्भगृह से बाहर लाया जाएगा। सभी परंपराएं पूरी होने के बाद रात 9:37 बजे निर्धारित शुभ मुहूर्त में मंदिर के मुख्य कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
इस साल 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका मत्था
इस यात्रा सीजन में बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। 23 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से अब तक 23 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे भक्तों ने बाबा के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना इस साल की चारधाम यात्रा की खास उपलब्धियों में शामिल रहा।
छह महीने शीतकालीन प्रवास में रहेंगे भगवान बदरीविशाल
कपाट बंद होने के अगले दिन मंगलवार सुबह भगवान की देव डोलियां और आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी। देव डोलियां पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंचेंगी। अगले छह महीने तक श्रद्धालु इन शीतकालीन पूजा स्थलों पर भगवान बदरीविशाल के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। अब बदरीनाथ धाम के कपाट अगले यात्रा सीजन में फिर से श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। तब तक भगवान बदरीविशाल की पूजा-अर्चना शीतकालीन प्रवास स्थलों पर विधि-विधान से जारी रहेगी।