Uttarakhand News : देहरादून एयरपोर्ट मार्ग पर मौत बनकर दौड़ा हाथी, बुलेट सवार को पटककर किया हमला

सड़क पर गिराने के बाद युवक को पैरों से धकेलता रहा, रेलिंग तोड़कर जंगल में लौटा, वीडियो वायरल

देहरादून एयरपोर्ट के पास ऋषिकेश मार्ग पर जंगली हाथी ने बुलेट सवार युवक पर हमला कर दिया। हाथी ने युवक को बाइक समेत सड़क पर पटक दिया। कुछ देर बाद रेलिंग तोड़कर जंगल में लौट गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

देहरादून, अमृत विचार : देहरादून एयरपोर्ट के पास ऋषिकेश मार्ग पर बुधवार को बुलेट सवार युवक की जान आफत में पड़ गई। हाथी ने युवक को बाइक समेत सड़क पर पटक दिया और कुछ देर तक पैरों से धकेलता रहा। संयोग से हाथी अचानक डिवाइडर की लोहे की रेलिंग तोड़कर जंगल में लौट गया, जिससे युवक की जान बच सकी।

घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर हाथी को भगाने की कोशिश की। इस पूरी घटना का किसी राहगीर ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में हाथी युवक पर हमला करता नजर आ रहा है। हाथी के जंगल में लौटने के बाद लोगों ने घायल युवक को संभाला और सड़क किनारे कर अस्पताल पहुंचाया।

एयरपोर्ट-ऋषिकेश मार्ग पर हाथियों की आवाजाही से खतरा

दरअसल, एयरपोर्ट से ऋषिकेश की ओर जाने वाले मार्ग के दोनों तरफ घना जंगल है। यहां हाथियों की आवाजाही बनी रहती है। अक्सर हाथी जंगल से निकलकर सड़क पर पहुंच जाते हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो जाता है। ताजा घटना ने एक बार फिर इस मार्ग पर वन्यजीवों से सुरक्षा के इंतजामों और वाहन चालकों को सतर्क करने की जरूरत को उजागर कर दिया है।

यह भी पढ़ें:-Uttarakhand News : महिला की निर्मम हत्या के मामले में भारतीय सेना का जवान गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।