हल्द्वानी: छठ पूजा की धूम, आज होगा खरना

हल्द्वानी, अमृत विचार।  सूर्य देव व छठ मैया की उपासना का पर्व छठ सोमवार से शुरू हो गया है। चार दिन तक चलने वाले पर्व की शुरुआत नहाय खाय से हुई। रामपुर रोड स्थित छठ पूजा घाट पर तीन स्नानागार तैयार हो गए हैं। रंगाई का काम भी पूरा हो चुका है। मंगलवार को खरना …

हल्द्वानी, अमृत विचार।  सूर्य देव व छठ मैया की उपासना का पर्व छठ सोमवार से शुरू हो गया है। चार दिन तक चलने वाले पर्व की शुरुआत नहाय खाय से हुई।

रामपुर रोड स्थित छठ पूजा घाट पर तीन स्नानागार तैयार हो गए हैं। रंगाई का काम भी पूरा हो चुका है। मंगलवार को खरना वाले दिन से व्रत रखा जाएगा। रात में खीर खाकर 36 घंटे का कठिन उपवास शुरू होगा। खरना के दिन छठ पूजा का प्रसाद बनाया जाता है। बुधवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। गुरुवार सुबह सूर्योदय के समय पूजा पाठ के बाद व्रत संपन्न होगा।

छठ का व्रत संतान प्राप्ति, रोग मुक्ति व सुख-सौभाग्य की कामना के लिए रखा जाता है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को नहाय खाय के दिन व्रती महिलाएं स्नान आदि कर नए वस्त्र पहनती हैं। शाम को शाकाहारी भोजन लिया जाता है। पंचमी तिथि को खरना होता है।

छठ सेवा समिति के अध्यक्ष कृष्णा साह ने बताया कि खरना के दिन व्रत रखकर रात में गुड़ व चावल से बनी खीर खाते हैं। इसके बाद सूर्य को अर्घ्य देने से पारण करने तक 36 घंटों तक कुछ खाते-पीते नहीं हैं। खरना एक प्रकार से शुद्धिकरण की प्रक्रिया है। खरना के दिन ही छठ पूजा का प्रसाद बनाया जाता है। षष्ठी तिथि को डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर मन्नत मांगी जाती है। चौथे व अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारायण व पर्व का समापन होता है।

पर्व की तिथियां
8 नवंबर – नहाय खाय
9 नवंबर – खरना
10 नवंबर – संध्या अर्घ्य
11 नवंबर – प्रात: अर्घ्य

अर्घ्य का समय

संध्या अर्घ्य – 5:35 बजे
सुबह अर्घ्य – 6:00 बजे

रात में छठ स्थल पर होंगे भजन
छठ घाट पर इस बार छठ मैया के भजन गूजेंगे। विगू एंड पार्टी की टीम 10 नवंबर की शाम से घाट पर भजनों की प्रस्तुति देगी। छठ पूजा सेवा समिति के अध्यक्ष कृष्णा साह ने बताया कि पूरी रात जागरण होगा। घाट रोशनी से जगमगाएगा और पेयजल कनेक्शन भी लगा दिए गए हैं।

खरना का है खास महत्व
छठ में खरना का विशेष महत्व है। खरना का अर्थ है शुद्धिकरण। यह शुद्धिकरण केवल तन न होकर बल्कि मन का भी होता है। इसलिए खरना के दिन केवल रात में भोजन करके छठ के लिए तन तथा मन को व्रती शुद्ध करता है। खरना के बाद व्रती 36 घंटे का व्रत रखकर सप्तमी को सुबह अर्घ्य देता है।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).