IIT Kanpur : डायबिटीज पर आईआईटी कानपुर की बड़ी खोज, वैज्ञानिकों ने खोजा इंसुलिन रोकने वाला 'मॉलिक्यूलर स्विच'

वैज्ञानिकों ने उस 'मॉलिक्यूलर स्विच' का भी पता लगाया है, जिसके जरिए ये कोशिकाएं इंसुलिन बनाने वाली बीटा सेल्स को प्रभावित करती हैं

आईआईटी कानपुर के शोधकर्ताओं ने पैंक्रियाज में मौजूद मैक्रोफेज इम्यून सेल्स की ऐसी प्रक्रिया का पता लगाया है, जो कुछ ही मिनटों में इंसुलिन का स्राव रोक सकती है। शोध में जीपीआर18 रिसेप्टर और स्फिंगोलिपिड की भूमिका सामने आई है। इससे भविष्य में टाइप-2 डायबिटीज के इलाज के लिए नई दवाओं के विकास की संभावना बन सकती है।

कानपुर, अमृत विचार। मधुमेह यानी डायबिटीज की पहचान और इसके इलाज की दिशा में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के वैज्ञानिकों ने अहम सफलता हासिल की है। शोधकर्ताओं ने अग्न्याशय (पैंक्रियाज) में मौजूद उन इम्यून सेल्स की पहचान की है, जो कुछ ही मिनटों में इंसुलिन का स्राव रोक सकते हैं।

वैज्ञानिकों ने उस 'मॉलिक्यूलर स्विच' का भी पता लगाया है, जिसके जरिए ये कोशिकाएं इंसुलिन बनाने वाली बीटा सेल्स को प्रभावित करती हैं। इस खोज से मोटापे और टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित लोगों में इंसुलिन उत्पादन को सुरक्षित रखने के लिए नई दवाओं के विकास का रास्ता खुल सकता है।

जर्नल ऑफ क्लिनिकल इन्वेस्टिगेशन में प्रकाशित हुआ शोध

आईआईटी कानपुर के बायोलॉजिकल साइंसेज एंड बायोइंजीनियरिंग विभाग में किया गया यह अध्ययन प्रतिष्ठित बायोमेडिकल जर्नल 'जर्नल ऑफ क्लिनिकल इन्वेस्टिगेशन' में प्रकाशित हुआ है। शोध का नेतृत्व सिमरन सिंह और आशीष कुमार ने संयुक्त रूप से किया। यह काम विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. साई प्रसाद पाइडी की देखरेख में हुआ। शोधकर्ताओं ने पुष्टि की है कि चूहों के ऊतकों में सामने आई यह प्रक्रिया इंसानों के पैंक्रियाटिक ऊतकों में भी मौजूद और सक्रिय है।

मैक्रोफेज कुछ मिनटों में रोक सकते हैं इंसुलिन का स्राव

मानव अग्न्याशय में इंसुलिन बनाने वाली बीटा सेल्स के साथ मैक्रोफेज नामक इम्यून सेल्स भी मौजूद होती हैं। बीटा सेल्स इंसुलिन का स्राव करके रक्त में ग्लूकोज का स्तर नियंत्रित करती हैं, जबकि मैक्रोफेज ऊतकों के स्वास्थ्य और प्रतिरक्षा संतुलन को बनाए रखने में मदद करते हैं।

अध्ययन में सामने आया है कि मैक्रोफेज अपने आसपास मौजूद बीटा सेल्स के साथ सीधे संवाद करके इंसुलिन के स्राव को प्रभावित कर सकते हैं। अब तक माना जाता था कि मोटापे के कारण शरीर में होने वाली हल्की सूजन धीरे-धीरे महीनों और वर्षों में बीटा सेल्स को नुकसान पहुंचाती है। लेकिन इस शोध ने एक ऐसी तेज प्रक्रिया का खुलासा किया है, जिसमें इम्यून सेल्स कुछ ही मिनटों में इंसुलिन का स्राव रोक सकते हैं।

सूजन पैदा करने वाले प्रोटीन नहीं, वसा हैं संदेशवाहक

डॉ. साई प्रसाद पाइडी के मुताबिक, बीटा सेल्स के ठीक बगल में मौजूद इम्यून सेल्स पारंपरिक सूजन संकेतों के बिना ही कुछ मिनटों में इंसुलिन का स्राव बंद कर सकते हैं। शोधकर्ताओं ने पाया कि इस प्रक्रिया में संदेशवाहक की भूमिका सूजन पैदा करने वाले प्रोटीन नहीं, बल्कि स्फिंगोलिपिड नामक वसा निभाते हैं। मैक्रोफेज सक्रिय होने के बाद इन लिपिड को तेजी से बाहर निकालते हैं। पास की बीटा सेल्स अपनी सतह पर मौजूद ट्रांसपोर्टर के जरिए इन्हें अंदर ले लेती हैं। इसके बाद ये वसा बीटा सेल्स की इंसुलिन बनाने वाली आंतरिक प्रक्रिया में बाधा डालती हैं।

जीपीआर18 रिसेप्टर की भूमिका भी आई सामने

टीम ने इस प्रक्रिया की शुरुआत मैक्रोफेज पर मौजूद जीपीआर18 (GPR18) नामक रिसेप्टर से जुड़ी पाई। यह रिसेप्टर इस पूरी प्रक्रिया के शुरुआती चरण में अहम भूमिका निभाता है। शोधकर्ताओं ने जेनेटिक तकनीक की मदद से इम्यून सेल्स के भीतर इस सिग्नलिंग पाथवे को सक्रिय और निष्क्रिय किया।

मैक्रोफेज में इस पाथवे को सक्रिय करने पर चूहों में इंसुलिन का स्राव काफी कम हो गया। वहीं, इसे बंद करने पर इंसुलिन का स्राव बेहतर हुआ। जीपीआर18 रिसेप्टर या इसके बाद की प्रक्रिया के किसी चरण को रोकने पर इंसुलिन का स्राव फिर सामान्य हो गया।

दवा विकसित करने के लिए मिले तीन संभावित लक्ष्य

शोध में इस प्रक्रिया के तीन ऐसे बिंदुओं की पहचान हुई है, जिन्हें भविष्य में दवाओं के जरिए निशाना बनाया जा सकता है। इनमें जीपीआर18 रिसेप्टर, लिपिड सिग्नल और बीटा सेल्स में इन लिपिड के प्रवेश यानी अपटेक की प्रक्रिया शामिल है।

हालांकि, यह शोध अभी मधुमेह का इलाज नहीं बताता है, लेकिन इससे आगे की दवा संबंधी रिसर्च के लिए अहम आधार तैयार हुआ है। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इस प्रक्रिया को नियंत्रित करने के तरीके विकसित कर मोटापे और टाइप-2 डायबिटीज से जूझ रहे लोगों में इंसुलिन के स्राव को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है।

यह भी पढ़ें:-Azam Khan : अखिलेश के बाद अब डासना जेल में आजम खान से मिले शिवपाल यादव, बोले- सपा में हैं और हमेशा रहेंगे

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।