दिल्ली/मुंबई। ब्रिटेन के शाही परिवार के प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स कैथरीन सोमवार को तीन दिवसीय भारत दौरे पर मुंबई पहुंचें। इस यात्रा के दौरान शाही दंपति पर्यावरण संरक्षण से जुड़े वैश्विक प्रयासों को बढ़ावा देने के साथ भारत-ब्रिटेन संबंधों को भी नई दिशा देने पर जोर देंगे। दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण मंगलवार को आयोजित होने वाला 2026 का अर्थशॉट पुरस्कार समारोह होगा।
इसके बाद बुधवार को दोनों नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। ब्रिटिश सरकार की ओर से रविवार को जारी बयान के मुताबिक, प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन की यह दूसरी आधिकारिक भारत यात्रा है। इससे पहले दोनों अप्रैल 2016 में भारत आए थे। मुंबई पहुंचने के बाद शाही दंपति समाज के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों से मुलाकात करेगा और देश में हो रहे बदलावों को करीब से देखेगा।
प्रिंस विलियम ने लगाए चौके-छक्के, सचिन तेंदुलकर और प्रिंसेस केट के साथ युवाओं के खेला गली क्रिकेट
प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट 2026 के अर्थशॉट पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंचे हैं। भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर मुंबई पहुंचे ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने यहां अपना देसी अंदाज दिखाया।
https://twitter.com/AHindinews/status/2122198861272019160?a=DXLDhn5z-BF-L-wHBf0&s=20
उन्होंने अपनी पत्नी प्रिंसेस कैथरीन (केट) और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के साथ युवा क्रिकेटरों के बीच गली क्रिकेट खेला। इस दौरान शाही दंपति का अलग ही अंदाज देखने को मिला।
https://twitter.com/AHindinews/status/2122206218764882166?a=wr9HYyrJaSV6wEPbi2E&s=20
क्या है अर्थशॉट पुरस्कार, क्यों है खास?
प्रिंस विलियम की ओर से शुरू किए गए अर्थशॉट पुरस्कार का उद्देश्य दुनिया की गंभीर पर्यावरणीय समस्याओं का समाधान खोजने वाले लोगों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है। इसके जरिए जलवायु परिवर्तन, कचरा प्रबंधन, वायु प्रदूषण, समुद्री संरक्षण और जैव विविधता को बचाने जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले नवाचारों को वैश्विक पहचान दी जाती है। इस पुरस्कार के तहत हर साल पांच विजेताओं का चयन किया जाता है। प्रत्येक विजेता को 10 लाख ब्रिटिश पाउंड की पुरस्कार राशि दी जाती है। इसका मकसद केवल अच्छे प्रयासों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि उन समाधानों को बड़े स्तर पर लागू करने में भी मदद करना है। भारत में इस समारोह का आयोजन ऐसे समय हो रहा है, जब प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और शहरों के टिकाऊ विकास जैसी चुनौतियां लगातार गंभीर होती जा रही हैं। ऐसे में यह आयोजन भारतीय नवोन्मेषकों, उद्यमियों और युवा संगठनों को अपने पर्यावरणीय समाधानों को दुनिया के सामने रखने का अवसर देगा।
शाही दंपति के दौरे को लेकर मुंबई में ट्रैफिक डायवर्जन
प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन के दौरे को देखते हुए मुंबई में यातायात व्यवस्था में बदलाव किए गए हैं। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार से 19 नवंबर तक दक्षिण मुंबई के कई इलाकों में अस्थायी प्रतिबंध, मार्ग परिवर्तन और पार्किंग पर पाबंदियां लगाई हैं। दक्षिण क्षेत्र के यातायात पुलिस उपायुक्त हेमराजसिंह राजपूत की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, हुतात्मा राजगुरु चौक, शहीद भगत सिंह मार्ग, बल्लार्ड पियर और एनसीपीए के आसपास यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों और आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें और घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें। तीन दिवसीय इस यात्रा में पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और भारत-ब्रिटेन के आपसी सहयोग से जुड़े कई अहम पहलुओं पर ध्यान रहेगा।
ये भी पढ़ें :
Quad Leaders Summit में शामिल होंगे PM मोदी, मनीला में जुटेगें शक्तिशाली देशों के नेता, जानिए किन मुद्दों पर होगी चर्चा