सोनिया गांधी ने क्यों ठुकराया था PM पद? राहुल-प्रियंका की नाराजगी से लेकर विदेशी मूल की चिंता तक... आज से मिलेगा Belonging में हर सवाल का जवाब

10 नवंबर से बाजार में उपलब्ध होगी सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’, 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले के पीछे परिवार की चिंता, राजनीतिक दबाव और निजी आशंकाओं का किया जिक्र

Sonia Gandhi की किताब Belonging: A Journey of Love 10 नवंबर से उपलब्ध है। जानिए 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के पीछे राहुल-प्रियंका की चिंता, विदेशी मूल का मुद्दा और सोनिया गांधी के फैसले की पूरी कहानी।

डिजिटल डेस्क अमृत विचारः साल 2004 में लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सत्ता में वापसी हुई थी। पार्टी के पास सरकार बनाने का मौका था और सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की मांग तेज हो गई थी, लेकिन तमाम राजनीतिक दबाव के बावजूद भी उन्होंने प्रधानमंत्री बनने का पद स्वीकार नहीं किया और डॉ. मनमोहन सिंह को सरकार की कमान सौंप दी। आखिर सोनिया गांधी ने उस समय यह फैसला क्यों लिया था? कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष ने अपनी किताब Belonging: A Journey of Love में उस दौर की कहानी अब लोग जान पाएंगे। किताब 10 नवंबर यानी की आज से बाजार में कदम रख रही है। 

जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी ने इस किताब में बताया है कि प्रधानमंत्री पद को लेकर उनके मन में जिम्मेदारी और निजी आशंकाओं के बीच लगातार क्या संघर्ष चल रहा था। एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की उम्मीदें थीं, तो दूसरी ओर उनके बच्चे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के मन की बात, जहां उनके दोनो बच्चे नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें।

राहुल और प्रियंका ने पहले ही कह दिया था- बिल्कुल नहीं

सोनिया गांधी ने लिखा है कि 2004 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले उन्होंने अपने बच्चों से चर्चा की थी कि अगर कांग्रेस चुनाव जीतती है तो क्या उन्हें प्रधानमंत्री पद स्वीकार करना चाहिए? इस सवाल पर उन्होंने साफ कहा था- बिल्कुल नहीं।

उनके मुताबिक, राहुल और प्रियंका भी नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें। इसकी वजह थी परिवार का अतीत। दोनों ने अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या का दर्द देखा और सहा था। उनके लिए मां का प्रधानमंत्री बनना परिवार की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चिंता थी। सोनिया ने लिखा कि जब उन्होंने बच्चों के सामने प्रधानमंत्री न बनने की बात कही तो उन्हें राहत मिली और खुद भी उन्होंने हल्कापन महसूस किया।

चुनाव जीतने के बाद फैसले को लेकर बढ़ा असमंजस

किताब में सोनिया गांधी ने स्वीकार किया है कि चुनाव नतीजों के बाद उनके सामने मुश्किल स्थिति पैदा हो गई थी। उन्हें इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी का एहसास था, लेकिन प्रधानमंत्री बनने का विचार उन्हें सहज नहीं लग रहा था।

एक ओर वह पद स्वीकार नहीं करना चाहती थीं, तो दूसरी ओर उन्हें चिंता थी कि ऐसा करने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पार्टी को वोट देने वाले लोगों को निराशा हो सकती है। वह अपने फैसले को लेकर कभी आश्वस्त हो जाती थीं, लेकिन कुछ ही देर बाद फिर असमंजस में पड़ जाती थीं।

राहुल ने पूछा- आपने हां क्यों कहा?

सोनिया गांधी ने उस मुलाकात का भी जिक्र किया है, जब कांग्रेस और गठबंधन के नेता उन्हें प्रधानमंत्री बनाने के लिए मनाने उनके आवास पहुंचे थे। गठबंधन के नेताओं को भरोसा था कि वे सोनिया को पद स्वीकार करने के लिए राजी कर लेंगे।

इसी बीच राहुल गांधी ने अपनी मां से सवाल किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के लिए हां क्यों कहा? सोनिया ने जवाब दिया कि नेता उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे और लगातार उन पर दबाव बना रहे थे। इस जवाब से राहुल नाराज हो गए।

प्रियंका गांधी ने भी मां को याद दिलाया कि वह पहले ही अपना फैसला स्पष्ट कर चुकी थीं। ऐसे में उन्हें किसी के दबाव में नहीं आना चाहिए। सोनिया ने किताब में लिखा है कि उस समय प्रियंका की आंखें लाल थीं। यह देखकर उनका मन भी भावुक हो गया। उन्हें महसूस हुआ कि प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने का फैसला परिवार के लिए बड़े नतीजे लेकर आ सकता है।

विदेशी मूल का मुद्दा बनने का भी था डर

सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद से दूरी बनाने के पीछे राजनीतिक परिस्थितियों का भी जिक्र किया है। उन्हें आशंका थी कि अगर वह प्रधानमंत्री बनती हैं तो भाजपा और उसके सहयोगी दल उनके विदेशी मूल को मुद्दा बना सकते हैं। इससे राजनीतिक विवाद बढ़ सकता था और सरकार के कामकाज पर भी असर पड़ सकता था।

उन्होंने लिखा है कि भारत ने निजी त्रासदियों के बाद उन्हें अपनाया और सहारा दिया। वह ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहती थीं, जिससे देश को नुकसान पहुंचे। उनके लिए प्रधानमंत्री पद हासिल करने से ज्यादा जरूरी एक मजबूत और सक्षम सरकार बनाना था। वह चाहती थीं कि देश में धर्मनिरपेक्ष सरकार बने और विकास की प्रक्रिया आगे बढ़े।

'अपने प्रति सच्ची रहो...' और फिर मनमोहन सिंह के नाम का प्रस्ताव

सोनिया गांधी ने किताब में उस रात का भी जिक्र किया है, जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने का अंतिम फैसला लिया। उन्होंने लिखा कि काफी समय से मन में चल रहा असमंजस अचानक खत्म हो गया। उस समय उन्हें भीतर से आवाज सुनाई दी- 'Sonia, be true to yourself. You've always known it. Just leave it!' यानी अपने प्रति सच्ची रहो। तुम हमेशा से यह जानती थीं, बस इसे छोड़ दो।

उन्होंने संसद के सेंट्रल हॉल में हुई घटनाओं को भी याद किया है। सोनिया के मुताबिक, जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने का फैसला सुनाया तो कांग्रेस के कई नेताओं ने इसका विरोध किया। कुछ ने उनसे फैसला बदलने की अपील की, जबकि कुछ भावुक हो गए। इस दौरान उन्हें अपना भाषण बीच में रोकना पड़ा और कुछ देर के लिए मंच से बाहर जाना पड़ा। बाद में लौटकर उन्होंने अपना फैसला दोहराया।

सोनिया गांधी ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री पद कभी उनका लक्ष्य नहीं रहा। वह अपने फैसले पर कायम रहीं और इसके बाद डॉ. मनमोहन सिंह का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया। इस तरह 2004 में यूपीए सरकार का नेतृत्व डॉ. मनमोहन सिंह के हाथों में आया।

यह भी पढ़ेंः किसानों की बल्ले-बल्ले! मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के तहत बोरिंग कराने पर मिलेंगे 2.65 लाख तक रुपए

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.