कोरोना से संक्रमित अमिताभ बच्चन की हालत स्थिर, स्वस्थ होने की दुआ कर रहा देश

मुंबई। कोरोना से संक्रमित सुपरस्टार अमिताभ बच्चन की हालत स्थिर है। सदी के महानायक अमिताभ को कोरोना संक्रमित पाए जाने पर शनिवार देर रात नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महानायक के पुत्र अभिनेता अभिषेक बच्चन भी कोरोना संक्रमित हैं और नानावती अस्पताल में ही भर्ती हैं। नानावती अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, “अमिताभ …

मुंबई। कोरोना से संक्रमित सुपरस्टार अमिताभ बच्चन की हालत स्थिर है। सदी के महानायक अमिताभ को कोरोना संक्रमित पाए जाने पर शनिवार देर रात नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महानायक के पुत्र अभिनेता अभिषेक बच्चन भी कोरोना संक्रमित हैं और नानावती अस्पताल में ही भर्ती हैं।

नानावती अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, “अमिताभ बच्चन को वायरस के हल्के लक्षण है और उनकी हालत स्थिर है। वह फिलहाल अस्पताल की आइशोलेशन इकाई में हैं।” सूत्रों ने बताया कि अमिताभ की सेहत को लेकर फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है। इससे पहले महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया था कि दोनों की हालत स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है।  टोपे ने कहा, अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन में हल्के लक्षण हैं. कोविड-19 के रैपिड एंटीजेन टेस्ट में दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और दोनों को नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

उल्लेखनीय है कि सदी महानायक अमिताभ बच्चन और उनके पुत्र अभिषेक बच्चन के शनिवार देर रात स्वयं कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी जिसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन और पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

अमिताभ बच्चन और उनके पुत्र अभिषेक बच्चन ने अलग-अलग ट्वीट कर स्वयं के कोरोना पाजिटिव होने की जानकारी सार्वजनिक रूप से दी। पिता-पुत्र को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहले अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर स्वयं के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी है। उन्हें नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने लिखा, “ मेरी कोरोना जांच पाजिटिव आई है और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल अथारिटीज को जानकारी दे रहा है। परिवार के सभी सदस्यों और कर्मचारियों की भी जांच कराई गई है,जिनकी रिपोर्ट आना बाकी है।” बच्चन ने आगे लिखा, “पिछले 10 दिनों के दौरान जो भी मेरे संपर्क में आये उन सभी लोगों से मेरा अनुरोध है कि कृपया वह सभी स्वयं की कोरोना जांच करवा लें।”

इसके कुछ देर बाद अभिषेक बच्चन ने ट्वीट किया, “आज दिन में हम दोनों मैं और मेरे पिता कोरोना संक्रमित हो गए हैं। हम दोनों को वायरस के मामूली लक्षण हैं और हम अस्पताल में भर्ती हुए हैं। हमने सभी आवश्यक अथारिटीज को जानकारी दे दी है। हमारे परिवार के अन्य सभी सद्स्य और स्टाफ की कोरोना जांच कराई गई है। मेरा सभी से अनुरोध है कि धैर्य बनाए रखें और भयभीत होने की कोई जरुरत नहीं है। धन्यवाद।” उन्होंने यह भी लिखा, “बीएमसी हमारे संपर्क में है और हमें जो भी बताया जायेगा उसकी अनुपालन करेंगे।”

नेता भी कर रहे प्रार्थना
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके पुत्र अभिषेक बच्चन के कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण से मुक्त होने की कामना करते हुए कहा कि आपलोग हमारे दिलों पर राज करते हैं और हमारी प्रार्थनाएं आपके साथ हैं। डॉ हर्षवर्धन ने अभिषेक बच्चन के ट्वीट के जवाब में  कहा ,“ सबसे मनमोहन मुस्कान वाले युवा और प्रतिभाशाली अभिनेता को मेरी शुभकामनाएं। आप अपना और अपने पिता का ख्याल रखें। मुझे भरोसा है कि आप जल्द ही स्वस्थ हाेंगे। बच्चन हमारे दिलों पर राज करते हैं और हमारी प्रार्थनाएं आपके साथ हैं।”

उससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने अमिताभ बच्चन के ट्वीट पर टिप्पणी करते हुए कहा,“ प्रिय अमिताभ जी, आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना में मैं पूरे देश के साथ हूं। आखिर आप इस देश में करोड़ों लोगों के आदर्श हैं और प्रतिष्ठित सुपरस्टार हैं। हम आपका अच्छा ख्याल रखेंगे। शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं।” केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने भी अमिताभ बच्चने के शीघ्र कामना की है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा, “अमिताभ बच्चन जी के कोरोना संक्रमित पाए जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर अमिताभ बच्चन के शीध्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा कि महानायक अमिताभ बच्चनजी के अस्वस्थ होने का समाचार मिला। ईश्वर आपको शीघ्र स्वस्थ करें और पुन: उसी ऊर्जा के साथ अपने काम में डट जायें। हम सबकी शुभकामनाएं आपके साथ हैं !

बॉलीवुड सितारे कर रहे जल्द स्वस्थ होने की दुआ
सोनम कपूर ने ट्वीट किया, ‘‘अमित अंकल शीघ्र स्वस्थ हों। फिल्म अभिनेत्री सोनम कपूर ने ट्वीट किया, ‘‘अमित अंकल शीघ्र स्वस्थ हों। मेरी प्रार्थनाएं आपके साथ हैं।’’ कोविड-19 संकट की शुरुआत से ही अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे हैं और महामारी के बारे में जागरूकता फैलाते रहे हैं।

अमिताभ के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना करते हुए अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘आदरणीय अमिताभ बच्चन जी!! आपने अपने जीवन में हर कठिनाई हर मुश्किल को अपने मनोबल से परास्त किया है। मुझे और पूरे राष्ट्र को पूरा भरोसा है कि आप कोरोना की लड़ाई से भी विजयी होकर सकुशल और स्वास्थ्य रूप से वापस ठीक ठाक अपने घर पहुंचेंगे। हम सबकी प्रार्थनाएं आपके साथ है।’

फिल्मी सितारों के अलावा टीवी के सेलेब्स भी अमिताभ और अभिषेक के लिए प्राथर्ना कर रहे हैं। रोनित रॉय ने उम्मीद जताई है कि अमिताभ जल्द घर वापस आएंगे। वो लिखते हैं- आपके लिए दुआ मांग रहा हूं। जल्द स्वस्थ हो जाइए। आप जल्द वापस आ जाएंगे. विकास गुप्ता ने भी अमिताभ और अभिषेक की हिम्मत बढ़ाई है।

खिलाड़ियों ने अमिताभ के जल्द स्वस्थ होने की कामना की
कई खिलाड़ियों ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन के कोविड-19 पॉजिटिव आने पर उनके स्वस्थ होने की कामना की है। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने लिखा है, “ख्याल रखिए अमित जी। आपके अच्छे स्वास्थ्य और जल्दी ठीक होने की कामना है।”

हरभजन सिंह ने लिखा, “जल्दी ठीक हो जाइए सर।” इन दोनों के अलावा भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज चेतन चौहान भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। आरपी. सिंह ने लिखा, “अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और चेतन चौहान के जल्द स्वास्थ होने की कामना करता हूं।” मोहम्मद शमी ने लिखा, “इंशाअल्लाह आप लोग बहुत जल्दी ठीक होकर जल्दी घर वापस आ जाएंगे, हम और भारत का हर एक नागरिक आपके साथ है।” भारत की महिला धावक हिमा दास ने लिखा, “आपके जल्द स्वास्थ होने की शुभकामनाएं हैं।” अमिताभ इस समय नानावती अस्पताल में भर्ती हैं और उनके बेटे को भी इसी अस्पताल में रखा गया है।

 

 

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).