प्रतापगढ़, अमृत विचार : कुंडा के बेंती स्थित परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाली पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम भी शामिल होगी। फिल्म में बाबा नीम करौली का किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्य 18 नवंबर को टीम सहित बेंती पहुंचेंगे। आगमन की जानकारी के बाद जनसत्ता दल लोकतांत्रिक परिवार और कथा श्रोताओं में उत्साह है।
करीब एक महीने पहले शोभिनव सत्य फिल्म की टीम के साथ बेंती कोठी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया से मुलाकात की थी। टीम में फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले कुंडा के शस्त्र कारोबारी सुभाष केसरवानी के पुत्र रितीश केसरवानी भी मौजूद थे। राजा भैया ने पूरी टीम का स्वागत करते हुए उन्हें बेंती में आयोजित श्रीराम कथा में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।
अभिनेता शोभिनव सत्य ने वीडियो जारी कर 18 नवंबर को टीम के साथ कथा में पहुंचने की जानकारी दी। वीडियो में उन्होंने कहा कि आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा 17, 18 और 19 नवंबर को होगी, जबकि 20 नवंबर को दिव्य दरबार का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि जिस तरह दर्शकों ने उनकी फिल्म को प्यार दिया है, उसी तरह इस अलौकिक कथा को भी अपना स्नेह दें।
राजा भैया और सुभाष केसरवानी का जताया आभार
उन्होंने आमंत्रित करने के लिए राजा भैया और सुभाष अंकल का आभार जताया। साथ ही कहा कि इस कथा का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। वीडियो के अंत में उन्होंने श्रद्धालुओं से 18 नवंबर की तारीख याद रखने की अपील करते हुए ‘सीताराम’ कहा।
यह भी पढ़ें:-कुंडा में सज रहा आस्था का महाकुंभ: 7 जोन और 9 सेक्टरों में बंटा बेंती का मैदान, भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू