Rinku Singh Wedding: PM मोदी को रिंकू सिंह ने दिया शादी का न्योता, 4 दिसंबर को लखनऊ में प्रिया सरोज संग लेंगे सात फेरे

परिवार के साथ दिल्ली पहुंचे क्रिकेटर रिंकू सिंह, प्रधानमंत्री को सौंपा शादी का निमंत्रण पत्र; सीएम योगी को भी दिया जा चुका है न्योता

क्रिकेटर रिंकू सिंह ने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर प्रिया सरोज संग शादी का निमंत्रण दिया। 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में होगा विवाह समारोह।

डिजिटल डेस्क अमृत विचारः भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तैयारियां तेज हो गई हैं। 4 दिसंबर को लखनऊ में होने वाले इस विवाह समारोह के लिए रिंकू सिंह अपने परिवार के साथ दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें शादी का निमंत्रण पत्र दिया। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री ने समारोह में शामिल होने का वादा किया है।

इससे पहले शुक्रवार को रिंकू सिंह का परिवार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शादी का निमंत्रण देने पहुंचा था। रिंकू की बहन नेहा सिंह, मां बीना देवी और भाई सोनू सिंह ने मुख्यमंत्री को विवाह का कार्ड सौंपा।

लखनऊ के पांच सितारा होटल में होगा विवाह समारोह

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी का आयोजन लखनऊ के पांच सितारा रमाडा होटल में किया जाएगा। समारोह में खेल और राजनीति जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। शादी की तारीख तय होने के बाद दोनों परिवार तैयारियों में जुट गए हैं।

दो बार टली शादी की तारीख

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी पहले नवंबर 2025 में प्रस्तावित थी। हालांकि, रिंकू के क्रिकेट शेड्यूल को देखते हुए विवाह की तारीख आगे बढ़ा दी गई थी। इसके बाद फरवरी 2026 में रिंकू के पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया। परिवार में इस दुखद घटना के चलते शादी की तारीख एक बार फिर टालनी पड़ी।

पिछले साल हुई थी सगाई

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने पिछले साल 8 जून को सगाई की थी। लखनऊ के सेंट्रम होटल में आयोजित समारोह में दोनों परिवारों की मौजूदगी में सगाई की रस्में हुई थीं। अब शादी भी राजधानी लखनऊ में ही होने जा रही है।

कोविड के दौरान शुरू हुई थी प्रेम कहानी

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की प्रेम कहानी भी काफी दिलचस्प है। पिछले साल सगाई के बाद एक इंटरव्यू में रिंकू ने बताया था कि दोनों की बातचीत कोविड महामारी के दौरान शुरू हुई थी। उस समय एक फैन पेज पर प्रिया सरोज की तस्वीर देखने के बाद रिंकू उनकी ओर आकर्षित हुए थे।

रिंकू ने बताया था कि शुरुआत में प्रिया को मैसेज करने में उन्हें झिझक महसूस हुई, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने हिम्मत जुटाई और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। सोशल मीडिया से शुरू हुई यह बातचीत दोस्ती में बदली और साल 2022 में रिंकू को एहसास हुआ कि उन्हें प्रिया से प्यार हो गया है। अब दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।

यह भी पढ़ेंः BWF World Tour Finals: लक्ष्य सेन का जापान में जलवा! लगातार दूसरा खिताब जीतकर रचा इतिहास, वर्ल्ड टूर फाइनल्स का टिकट भी पक्का

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.