BWF World Tour Finals: लक्ष्य सेन का जापान में जलवा! लगातार दूसरा खिताब जीतकर रचा इतिहास, वर्ल्ड टूर फाइनल्स का टिकट भी पक्का

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

फाइनल में जापानी खिलाड़ी कोकी वातानाबे को 13-21, 21-18, 21-14 से दी शिकस्त; पहला गेम गंवाने के बाद दमदार वापसी कर जीता मुकाबला

लक्ष्य सेन ने कुमामोतो मास्टर्स जापान ओपन का खिताब जीत लिया। फाइनल में कोकी वातानाबे को हराकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया और वर्ल्ड टूर फाइनल्स की दौड़ में छठे स्थान पर पहुंचने की राह बनाई।

कुमामोतोः भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और जुझारूपन का दम दिखाया है। जापान के कुमामोतो में खेले गए मास्टर्स जापान ओपन के पुरुष एकल फाइनल में लक्ष्य ने स्थानीय खिलाड़ी कोकी वातानाबे को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पहला गेम गंवाने के बावजूद भारतीय शटलर ने शानदार वापसी की और एक घंटे चार मिनट तक चले मुकाबले में 13-21, 21-18, 21-14 से जीत दर्ज की। जर्मनी में हाइलो ओपन जीतने के बाद यह उनका लगातार दूसरा खिताब है।

इस जीत के साथ लक्ष्य ने हांगझोउ में होने वाले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की दिशा में भी अहम बढ़त हासिल कर ली है। अल्मोड़ा के 25 वर्षीय खिलाड़ी ने मैच के बाद कहा कि जापान में खिताब जीतना उनके लिए खास है। पिछले साल वह इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन इस बार खिताब जीतने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि वह अपनी मौजूदा लय को आगे भी बरकरार रखना चाहेंगे।

हार के करीब से लौटकर पलटा मुकाबला

लक्ष्य ने कहा कि मुश्किल हालात में आत्मविश्वास बनाए रखना उनकी जीत की सबसे बड़ी वजह रहा। कई मुकाबलों में एक गेम से पिछड़ने के बाद उन्होंने वापसी की है। खुद पर भरोसा बनाए रखना और हार नहीं मानना उनके लिए अहम रहा। अब उनका ध्यान हांगकांग में होने वाले अगले टूर्नामेंट पर है।

फाइनल से पहले लक्ष्य का जापानी खिलाड़ी वातानाबे के खिलाफ रिकॉर्ड 3-2 था, लेकिन पिछले दो मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। पहले गेम में भी वातानाबे ने आक्रामक शुरुआत की। उन्होंने लगातार सटीक स्मैश लगाकर लक्ष्य को दबाव में रखा और शुरुआती बढ़त बना ली। लक्ष्य ने स्कोर का अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन जापानी खिलाड़ी ने 21-13 से पहला गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में लक्ष्य ने शुरुआत से ही खेल पर पकड़ बना ली। उन्होंने 5-0 की बढ़त हासिल की और नेट पर शानदार नियंत्रण दिखाया। भारतीय खिलाड़ी ने इंटरवल तक पांच अंकों की बढ़त बनाए रखी। हालांकि, वातानाबे ने 10-19 से पिछड़ने के बाद लगातार अंक जुटाए और स्कोर 17-19 तक पहुंचा दिया। दबाव के बीच लक्ष्य ने संयम बनाए रखा और सटीक स्मैश लगाकर 21-18 से गेम जीत लिया।

निर्णायक गेम में लक्ष्य का दमदार प्रदर्शन

तीसरे और निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक रैलियां देखने को मिलीं। लक्ष्य ने 3-3 की बराबरी के बाद बढ़त बनानी शुरू की और 9-6 से आगे निकल गए। इंटरवल तक उन्होंने चार अंकों की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए स्कोर 17-7 कर दिया।

वातानाबे ने एक बार फिर वापसी की कोशिश की और लगातार अंक जुटाकर स्कोर 13-19 तक पहुंचाया। लेकिन लक्ष्य ने दो बेहतरीन रिटर्न के साथ सात मैच प्वाइंट हासिल किए और दूसरे मौके पर क्रॉस-कोर्ट विनर लगाकर खिताब अपने नाम कर लिया।

रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंचने की उम्मीद

इस टूर्नामेंट से पहले आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य 'रेस टू फाइनल्स रैंकिंग' में 64,980 अंकों के साथ 12वें स्थान पर थे। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स में जगह बनाने के लिए शीर्ष आठ में रहना जरूरी है। सुपर 500 टूर्नामेंट जीतने पर उन्हें 9,200 अंक मिले हैं। मंगलवार को रैंकिंग अपडेट होने पर उनके 74,180 अंक और छठे स्थान पर पहुंचने की उम्मीद है।

हालांकि, हांगझोउ में होने वाले फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। हांगकांग ओपन 17 से 22 नवंबर तक खेला जाएगा और यह क्वालीफिकेशन के लिए आखिरी टूर्नामेंट होगा।

यह भी पढ़ेंः IND vs NZ 5th ODI: भारत की बल्लेबाजी 209 रन पर सिमटी, रोहित-कोहली ने भी किया निराश

संबंधित समाचार