Under-19 Asia Cup Ind VS Pak: भारत की जीत के हीरो बने मैनपुरी के मनाल चौहान, पाकिस्तान के खिलाफ 32 गेंदों में जड़े 47 रन

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में मुश्किल वक्त पर खेली मैच जिताऊ पारी, बेटे की कामयाबी पर पिता बोले- खुशी शब्दों में बयां नहीं कर सकता

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मैनपुरी के मनाल चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। बेटे की सफलता पर परिवार में जश्न है।

डिजिटल डेस्क अमृत विचारः पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत में मैनपुरी के मनाल चौहान ने अहम भूमिका निभाई। ओमान के अल अमरात में शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में मनाल ने मुश्किल समय में 32 गेंदों पर 47 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी ने भारत की जीत की उम्मीदों को फिर से जिंदा किया और टीम को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। बेटे की इस उपलब्धि से परिवार में जश्न का माहौल है। परिजन इसे अपने लिए दिवाली जैसा दिन बता रहे हैं।

बेटे की पारी पर पिता बोले- गर्व से भर गया सीना

मनाल के पिता सुदीप चौहान ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उनकी खुशी को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। भारत-पाकिस्तान फाइनल में बेटे के प्रदर्शन को देखकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। मनाल ने अपने परिवार के साथ गांव और जिले का नाम भी रोशन किया है।

सुदीप ने बताया कि मनाल बचपन से ही क्रिकेट का शौकीन रहा है। खेल के प्रति उसकी दीवानगी देखकर उन्होंने उसे क्रिकेट एकेडमी भेजा। अंडर-14 और अंडर-16 के बाद अब वह अंडर-19 टीम में खेल रहा है। पिता के मुताबिक, मनाल रोजाना सात से आठ घंटे तक अभ्यास करता था। परिवार ने हमेशा उसका साथ दिया, लेकिन मैदान पर मेहनत और प्रदर्शन की जिम्मेदारी उसी की थी।

बचपन से क्रिकेट का जुनून, स्कूल से आते ही खेलने निकल जाता था

मनाल के चाचा पीपी चौहान भी भतीजे की सफलता से बेहद खुश हैं। उन्होंने पूरी भारतीय टीम को चैंपियन बनने की बधाई दी और कहा कि मनाल ने गांव और जिले का मान बढ़ाया है। परिवार के लिए शनिवार का दिन दिवाली जैसा रहा।

चाचा ने बताया कि लीग मुकाबले में पाकिस्तान से भारतीय टीम की हार के कारण परिवार दिवाली का जश्न नहीं मना पाया था। फाइनल में पाकिस्तान को हराकर भारत के चैंपियन बनने के बाद घर में जमकर खुशियां मनाई गईं।

उन्होंने बताया कि मनाल को बचपन से ही खेल में अधिक रुचि थी। स्कूल से घर लौटते ही वह बैग रखकर खेलने निकल जाता था। पढ़ाई के लिए उसे कई बार डांट भी पड़ती थी। अब उसकी मेहनत रंग लाई है। चाचा ने कहा कि इस सफलता में परिवार और सभी सहयोगियों की भूमिका रही है। उन्होंने दूसरे खिलाड़ियों को भी मेहनत और लगन से अपने खेल में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

आठ विकेट गिरने के बाद मनाल ने संभाली भारतीय पारी

फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत के सामने 338 रन का लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 252 रन पर आठ विकेट गंवा दिए थे। एक समय भारत की जीत मुश्किल नजर आ रही थी। ऐसे में मनाल चौहान ने मोहित उल्वा के साथ पारी को संभाला। दोनों ने नौवें विकेट के लिए 35 गेंदों पर 57 रन की अहम साझेदारी की।

मनाल ने 32 गेंदों पर तीन छक्कों और तीन चौकों की मदद से 47 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद मोहित उल्वा ने 26 गेंदों पर 49 रन और सी. वेंकटा ने आठ गेंदों पर 11 रन बनाकर भारत को जीत के करीब पहुंचाया। मोहित ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को रोमांचक जीत दिलाई।

भारतीय टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 339 रन बनाकर मुकाबला एक विकेट से जीत लिया और अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।

यह भी पढ़ेंः

संबंधित समाचार